हरियाणा के करनाल में पांच कनाल जमीन को लेकर बड़े भाई पर अपने छोटे भाई की कुल्हाड़ी से हत्या करने का आरोप लगा है। वारदात के बाद हत्यारोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम करवा परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मामला औंगद गांव का है।
एफएसएल की टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक की पत्नी कविता की शिकायत पर मृतक के भाई, भाभी और भतीजे समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है। देर शाम पुलिस ने मुख्य आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस में दी शिकायत में कविता का आरोप है कि उसके ससुर के पास पौने चार एकड़ जमीन है जो बराबर मेरे पति, जेठ और ससुर में बंटी है लेकिन मेरा जेठ महिंद्र मेरे ससुर के हिस्से की जमीन में से आधी लेना चाहता था। जिसको लेकर अक्सर वह मेरे पति व ससुर से झगड़ा करता था।
मैं अपने मायके गई थी तो मंगलवार सुबह मुझे सूचना मिली कि मेरे जेठ, उसकी पत्नी और लड़के ने कुल्हाड़ी व जेली से वार कर मेरे पति सोनू की हत्या कर दी। जब मैं औंगद पहुंची तो मेरे ससुर श्याम सिंह ने बताया कि सोमवार रात साढ़े आठ बजे सोनू और महिंद्र के बीच झगड़ा हुआ था, जिसमें बीच-बचाव के बाद दोनों अपने घर चले गए थे। लेकिन रात करीब 10 बजे वे तीनों सोनू के घर के आगे ललकारने लगे और जब वह बाहर आया तो उन्होंने उस पर हमला बोल दिया।
वार करते हुए उसकी हत्या कर दी। इस दौरान बीच बचाव करते हुए उन्होंने मेरे ससुर को भी धक्के मारे। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी। देर शाम मुख्य आरोपी महिंद्र को गिरफ्तार कर लिया है।
मंगलवार सुबह औंगद गांव में घटना कि सूचना मिली थी, जिसमें जमीन के विवाद को लेकर दो भाइयों में झगड़ा हुआ था। छोटे भाई की मौत हो गई। मृतक की पत्नी के बयान पर एक महिला समेत तीन लोगों पर मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। -ऋषिपाल, थाना प्रभारी निसिंग।