करोड़ों रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कांग्रेस नेता विजयपाल सिंह डिंपी के घर के बाहर समन चिपका दिया है। बार-बार जांच में शामिल न होने पर समन भेजे जाने के बाद ईडी ने बुधवार को डिंपी के सेक्टर-40 घर के गेट पर चार पन्नों का समन चिपका दिया। सूत्रों का कहना है कि विजयपाल सिंह डिंपी और उसके बेटे बरिंदर सिंह डिंपी को हाई प्रोफाइल मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी के सामने पेश होने के लिए समन चिपकाया गया है।
ईडी का कहना है कि विजय पाल डिंपी और बरिंदर सिंह डिंपी को पहले भी समन भेजे जा चुके हैं, लेकिन उन्होंने समन रिसीव नहीं किया था। जिसके बाद ईडी ने कार्रवाई करते हुए डिंपी के घर के बाहर समन चस्पा दिया है। समन में विजय पाल सिंह डिंपी और उसके बेटे बरिंदर सिंह दोनों के नाम हैं। दोनों को निर्देश दिए हैं कि जल्द ईडी के सामने पेश हों और जांच में सहयोग करें।
डिंपी का बेटा बरिंदर सिंह चार कंपनियों का निदेशक था। उसमें से एक कंपनी आदर्श अर्बन इन्फ्रा प्राइवेट लिमिटेड में एडवोकेट मुकेश मित्तल का बेटा भी डायरेक्टर था। विजिलेंस विभाग भी डिंपी के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले की जांच कर रहा है। ईओडब्ल्यू भी डिंपी को पंजाब के पूर्व डीजीपी से 50 लाख की धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार कर चुका है।
पिछले साल 13 जनवरी को ईडी ने मुकेश मित्तल के सेक्टर-18 स्थित घर में रेड की थी। ईडी ने यह रेड प्रॉपर्टी से जुड़े केस और आय से अधिक संपत्तियों की शिकायत मिलने के बाद की थी। ईडी ने रेड के दौरान संपत्तियों से जुड़े कई कागजात कब्जे में लिए थे। जांच के दौरान मुकेश मित्तल के संबंध डिंपी और उसके बेटे भी सामने आए थे। जिसके बाद ईडी ने डिंपी और उसके बेटे को समन किया था। लेकिन वह ईडी के सामने पेश नहीं हुए।