शराब पीकर छात्र सहित दो ने की स्कूल में तोड़फोड़
गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल (वेस्ट) सेक्टर - 38 में रविवार देर रात घुसकर दो युवकों ने जमकर तोड़फोड़ की। आरोपी युवकों को पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों में से एक इसी स्कूल के नौवीं का छात्र है।
आरोप है कि दो युवक किशन और चिंटू रात स्कूल में घुसकर 150 गमले और चार पंखे तोड़ दिए। स्कूल में तैनात गार्ड संजू को जब इसकी जानकारी हुई तो उसने इसका विरोध किया। आरोपियों ने जब उसे जान से मारने की धमकी दी तो गार्ड छुप गया। इसके बाद स्कूल प्रिंसिपल को इसकी जानकारी दी गई। मौके पर पहुंचे प्रिंसिपल ने पीसीआर को फोन किया। पुलिस और स्कूल प्रबंधन की ओर से सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई।
सीसीटीवी में सामने आया कि डड्डूमाजरा के रहने वाले आरोपी किशन और चिंटू है। पुलिस ने दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। मलोया थाना के एसएचओ रामरतन शर्मा ने बताया कि शराब के नशे में आरोपी किशन और चिंटू ने तोड़फोड़ की है। दोना आरोपियों को दबिश देकर गिरफ्तार किया गया है। आरोपी चिंटू पर मर्डर और डकैती के केस पहले से चल रहा हैं। वहीं किशन पर सेक्टर - 39 में कुकर्म का मामला दर्ज है।
नौंवी में दो बार फेल हो चुका है किशन
शराब पीकर छात्र सहित दो ने की स्कूल में तोड़फोड़
गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर -38 के प्रिंसिपल चितरंजन सिंह ने बताया कि किशन नौवीं में दो बार फेल हो चुका है। इसके बाद कुकर्म का मामला आने के बाद उसे सेक्टर - 25 बाल सुधार गृह भेज दिया गया था। इसके बाद सीसीपीसीआर की सिफारिश के बाद वर्ष 2017 में दोबारा उसका नाम जुलाई में लिखा था। इसके बाद भी वह स्कूल में तोड़फोड़ कर रहा है। इस तरह के हालात में अन्य अपराधी प्रवृत्ति के बच्चों का दाखिला कैसे होगा। यह एक बड़ा सवाल हमारे सामने खड़ा हो गया है। प्रिंसिपल ने बताया कि हमने सीडी के माध्यम स्कूल में तोड़ फोड़ करने का वीडियो पुलिस को भेज दिया है।
अभिभावकों में खौफ
अभिभावक रमेश कुमार, मुनीश सिंह, जवाहर यादव ने बताया कि अब तो स्कूल में जिस तरह का हालात बना है। उसे देखकर हमें अपने बच्चों केा स्कूल भेजने में डर लगने लगा है। सीसीपीसीआर को अपना यह फैसला बदलना चाहिए।
दोनों आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार कर लिया गया है। दोंनों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके बाद इनका रिमांड मांगा जाएगा कि कोई और बड़ी वारदात तो इन्होंने नहीं अंजाम दी है।
रामरतन शर्मा, एसएचओ, मलोया थाना