फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जीरकपुरः मारपीट में घायल युवक हाईवे पर पड़ा आधा घंटा तड़पता रहा, न पुलिस पहुंची और न एंबुलेंस

Tue, 30 Jul 2019 10:53 AM IST
खुशबू गोयल दीपक शाही/अमर उजाला, जीरकपुर
विज्ञापन
घायल युवक को संभालता उसका दोस्त - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
नशे में टल्ली युवक को अज्ञात लोगों ने जमकर पीटा और फिर हाईवे पर ले जाकर गाड़ी से उड़ा दिया। घायल होगा आधा घंटा वहीं पड़ा तड़पता रहा। न पुलिस पहुंची और न ही एंबुलेंस। मामला जीरकपुर का है। रात 11 बजे का समय। चंडीगढ़-अंबाला हाईवे स्थित शराब के ठेके का शटर बंद था, लेकिन नियमों को ताक पर रखकर चोर रास्ते से शराब की ब्रिकी चल रही थी। इतने में दो दोस्तों ने ठेके से व्हिस्की की बोतल खरीदी और पीना शुरू कर दिया। जब दोनों नशे में टल्ली हो गए तो वहां ढाबे में काम करने वाले कर्मचारियों के साथ गाली गलौच शुरू कर दी।
विज्ञापन


गुस्साए कर्मचारियों ने दोनों को हाईवे पर दौड़ा- दौड़ाकर पीटा। बीच-बचाव के लिए कोई नहीं पहुंचा, जबकि पुलिस की पीसीआर वहां से महज पांच मीटर की दूरी पर खड़ी होती है। दोनों करीब 15 मिनट तक पिटते रहे। नाक और मुंह से खून बहने लगा। जब दोनों जमीन पर गिर गए तो कर्मचारियों ने दोनों की पिटाई बंद कर दी और ढाबे की ओर लौट आए। पिटाई के बाद एक का नशा तो उतर गया, लेकिन उसके दूसरे साथी पर व्हिस्की का ऐसा खुमार चढ़ा था कि वह बीच हाईवे पर खड़े होकर वाहनों को रोकने लगा।

पहले अंबाला की ओर से आ रहे ट्रक से बचा, लेकिन देखते ही देखते ट्रक के पीछे से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उसे उड़ा दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का बंपर एक तरफ गिरा और नशे में टल्ली व्यक्ति तीन फुट ऊपर हवा में उछला और हाईवे के किनारे जा गिरा। उसका एक पैर टूट गया। सिर और हाथ से भी खून बहने लगा। इस सड़क हादसे के बाद ढाबों के बाहर खड़े लोग उसे बचाने पहुंचे। हाईवे पर आ रही गाड़ियां भी रुक गईं। देखते ही देखते वाहनों का जाम लग गया। करीब आधे घंटे बाद लोगों ने कैब करवाकर उन्हें चंडीगढ़ जीएमसीएच 32 पहुंचाया।
विज्ञापन
विज्ञापन

सवा बारह बजे किया फोन, डेढ़ बजे तक भी नहीं आई पुलिस

सड़क हादसे के बाद लोगों ने 100 नंबर पर कॉल किया तो फोन पटियाला लग गया। हादसे की जानकारी देने के आधे घंटे बाद भी जीरकपुर पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। दूसरी ओर लोग 108 नंबर पर भी एंबुलेंस बुलाने के लिए कॉल करते रहे। हादसे के एक घंटे बाद भी मौके पर न तो पुलिस पहुंची और न ही एंबुलेंस। इससे पहले अमर उजाला संवाददाता ने थाने के मुंशी को रात 12.12 बजे मोबाइल पर घटना की सूचना दी। मुंशी ने कहा कि मौके पर पुलिस भेजता हूं। उसके बाद भी मौके पर रात डेढ़ बजे तक पुलिस नहीं आई।

रात 11 बजे के बाद हाईवे पर धड़ल्ले से बिक रही शराब
हाईवे किनारे बने शराब के ठेकों का रात 11 बजते ही शटर बंद हो जाता है। उसके बाद ठेकों पर मौजूद कारिंदे अवैध तरीके से शराब बेचते हैं। यह मामला एक्साइज इंस्पेक्टर के संज्ञान में अमर उजाला द्वारा 14 जुलाई को लाया गया था। बावजूद इसके इन ठेकों पर अवैध तरीके से रात को शराब बेची जा रही है। अगर हाईवे पर देर रात अवैध तरीके से शराब की बिक्री बंद कर दी जाए, तो हाईवे पर होने वाले हादसे टल सकते हैं।   

एक्साइज इंस्पेक्टर विनय शर्मा से सवाल-जवाब
प्रश्न - आपके संज्ञान में लाया जाने के बाद भी जीरकपुर में रात 11 जीरकपुर में शराब की बिक्री धड़ल्ले से चल रहा है, आपने कार्रवाई क्यों नहीं की
उत्तर -
कई बार ठेके पर शराब बेच रहे कारिंदों को हिदायत दी गई, इसके बावजूद वह नहीं मानते। मंगलवार को खुद इस मामले की जांच करूंगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें