मेडिकल स्टोर मालिक को 95 लाख की नशीली दवाओं के साथ गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि ये दवाएं जीरकपुर से सप्लाई होती थीं। पंजाब के मोगा में सीआईए स्टाफ ने जीरा (फिरोजपुर) में कंचन मेडिकल स्टोर मालिक से 95 लाख की नशीली दवाएं बरामद की हैं। यह नशीली दवाएं जीरा में एक प्राइवेट स्कूल की वैन पर ड्राइवर मोगा, तरनतारन और फिरोजपुर में सप्लाई करता था।
एसपी (आई) अमरजीत सिंह घुमन और डीएसपी (आई) सतपाल सिंह गिल ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि जिला पुलिस प्रमुख स्नेहदीप शर्मा के निर्देश के तहत सीआईए स्टाफ इंचार्ज इंस्पेक्टर किक्कर सिंह और एएसआई प्रेम सिंह ने गुप्त सूचना पर थाना कोट ईसेखां के अधीन गांव खोसा जलाल में नाकाबंदी कर रखी थी। इस दौरान प्राइवेट स्कूल वैन से 1.66 लाख नशीली गोलियां बरामद की गई। पुलिस ने वैन चालक सुरजीत सिंह उर्फ सीरा (42) निवासी गांव झतरा को मौके से गिरफ्तार कर लिया और दूसरा आरोपी कंचन मेडिकल स्टोर जीरा का मालिक अदिश कुमार जैन (31) निवासी बलवंत नगर मौके से फरार हो गया था, जिसे बाद में काबू कर लिया गया।
दवाइयां
- फोटो : Demo Pic
थाना कोट ईसेखां में आरोपियों के खिलाफ नशीले पदार्थों की तस्करी के अंतर्गत केस दर्ज कर लिए हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी अदिश कुमार जैन की निशान देही पर उसके जीरा में गोदाम से 11.19 लाख व अन्य नशीली गोलियां बरामद हुई हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों से तकरीबन 95 लाख की 12.85 लाख नशीली गोलियां बरामद हुई हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी अदिश कुमार जैन के खिलाफ बीते साल थाना जीरा में भी नशीली गोलियों का केस दर्ज किया गया था और इस केस में से उसे जमानत मिली हुई है।
उन्होंने दावा किया कि आरोपी सुरजीत सिंह स्कूली वैन पर स्कूली विद्यार्थियों को छोड़ने से पहले मोगा, तरनतारन, फिरोजपुर और जीरा आदि में नशीली गोलियों की सप्लाई करता था। उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान आरोपी अदिश कुमार जैन ने खुलासा किया है कि उसे यह नशीली गोलियां जीरकपुर की एक दवा फैक्टरी की ओर से ट्रांसपोर्ट के जरिये जीरा की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी सप्लाई करती थी।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम जीरकपुर की फैक्ट्री और जीरा की ट्रांसपोर्ट कंपनी की नशीली गोलियों की तस्करी के बारे में जांच कर रही है।
नशीली गोलियों समेत आरोपी गिरफ्तार
ड्रग्स स्मगलिंग
- फोटो : डेमो फोटो
थाना समालसर पुलिस ने गांव रोडे निवासी जगदीप सिंह को 290 नशीली गोलियों समेत गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना समालसर में मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि सीआईए स्टाफ में तैनात एएसआई जसवंत सिंह ने लिंक रोड पर मोबाइल और नगदी छीनने वाले 3 सदस्यीय गिरोह में से अवतार सिंह लाडी और करमपाल सिंह को गिरफ्तार कर उनके पास से लोगों से लूटे 40 मोबाइल बरामद किए हैं।
आरोपियों ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह लिंक रोड पर जाते अकेले लोगों को निशाना बनाते थे। उन्होंने गांव नसीरेवाला के अलावा गांव अजीतवाल -कोकरी लिंक रोड पर पेट्रोल पंप लूटने की वारदात भी मानी है। उन्होंने बताया कि गिरोह का एक अन्य सदस्य परमजीत सिंह पंमा गांव अमीवाल फरार है। उसकी तलाश में छापामारी की जा रही है।