घर से काम पर जाने के लिए निकले गांव कुतबेवाल निवासी गुरदेव सिंह (34) का शव सोमवार की सुबह हार्डीज वर्ल्ड के पास रेलवे लाइन के नजदीक मिला। खून से लथपथ शव देख राहगीरों ने इसकी जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। आशंका जताई जा रही है कि गुरदेव सिंह की हत्या कर शव रेलवे लाइन पर फेंका गया है।
सूचना मिलने के बाद थाना लाडोवाल की पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में पता चला कि उक्त इलाका थाना लाडोवाल का नहीं बल्कि जीआरपी का है। इसके बाद थाना जीआरपी को इसकी जानकारी दी गई। पुलिस ने जांच के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार गुरदेव सिंह दिहाड़ीदार मजदूर था। रविवार की सुबह वह काम पर जाने के लिए घर से निकला था लेकिन वापस घर नहीं पहुंचा। परिवार वालों ने उसकी काफी तलाश की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। सोमवार की सुबह रेलवे लाइन के पास शव देख किसी राहगीर ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पता चला कि शव मृतक गुरदेव सिंह है।
इलाके के लोगों का कहना है कि रेलवे लाइन के पास कई नौजवान ऐसे हैं जो नशा करने के आदी हैं और अक्सर वहीं बैठे रहते हैं। नशे की हालत में वह कई बार वारदातों को भी अंजाम दे चुके हैं और कई लोगों से लूटपाट कर चुके हैं। पुलिस को इसके बारे में कई बार सूचना दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
लोगों ने आशंका जताई कि कहीं नशेड़ी नौजवानों ने ही गुरदेव की हत्या तो नहीं की है। बाकी थाना जीआरपी के मुलाजिमों का कहना है कि अभी तक की जांच में ऐसा लगता है कि ट्रेन हादसे की वजह से मौत हुई है। बाकी शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद जो रिपोर्ट सामने आएगी उसके हिसाब से कार्रवाई कर दी जाएगी।