गांव दड़वा में बुधवार को नग्न अवस्था में एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवक के चेहरे पर पत्थर से वार कर पहचान मिटाने की कोशिश की गई थी। वहीं, शरीर पहर जगह-जगह गहरे जख्म थे, जिससे पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस जांच में युवक की पहचाना संदीप (30) निवासी दड़वा के रूप में हुई है, जो मूलरूप से सीकर (राजस्थान) का रहने वाला था। पुलिस ने शव को जीएमसीएच-32 की मोर्चरी में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस को एक राहगीर ने सूचना दी कि गांव दड़वा में एक सुनसान जगह के पास एक युवक बेसुध अवस्था में पड़ा, जिसके पूरे शरीर पर घाव ही घाव हैं। सूचना पाकर पुलिस अधिकारियों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बेसुध युवक को उठाकर जीएमसीएच-32 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
जांच अधिकारी ने बताया कि जांच में पता चला कि युवक के शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था और पत्थर से वार कर उसके चेहरे को खराब करने की कोशिश की गई थी। प्राथमिक जांच में मामला हत्या का लगा रहा है, जिसके चलते मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। फिलहाल शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है और गुरुवार को परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम किया जाएगा।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि युवक ने अपने दोस्तों के साथ मंगलवार देर शाम जमकर शराब पी और दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। मृतक संदीप के पूरे शरीर पर जख्म के निशान हैं। मौत के असल कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल पाएगा।