पठानकोट बस स्टैंड में सोमवार तड़के बस के अंदर से संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। मृतक के चेहरे पर चोट के हल्के निशान थे। थाना डिवीजन नंबर 1 की पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मृतक की पहचान अमृतसर के तरनतारन रोड स्थित गांव चब्बा निवासी सतनाम सिंह (60) के तौर पर हुई है। थाना 1 प्रभारी इंस्पेक्टर मनदीप सल्गौत्रा ने बताया कि सोमवार तड़के पुलिस को सफाई कर्मचारी ने सूचना दी थी कि जब वह बस की सफाई करने पहुंचा तो उसने बस में ड्राइवर का शव देखा। उसके चेहरे पर चोट के निशान थे। थाना प्रभारी ने बताया कि सतनाम सिंह बाबा बुढ्डा साहिब बस सर्विस में ड्राइवर के तौर पर कार्यरत था। सतनाम पठानकोट-अमृतसर रूट पर बस चलाता था।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया में यह हार्ट अटैक प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि संभवत: जब ड्राइवर को अटैक आया तो सीट से नीचे गिरने पर चेहरे पर हल्की चोट आई होगी। उन्होंने बताया कि मृतक के परिवार को सूचना दे दी गई है। सिविल अस्पताल से शव का पोस्टमार्टम करवाया गया और पारिवारिक सदस्यों के बयान दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।