पटियाला के घन्नौर में कांग्रेस विधायक मदन लाल जलालपुर के बेटे की शादी की पार्टी से पांच दिसंबर को अगवा हुए छह साल के बच्चे की लाश शुक्रवार को नरवाना ब्रांच नहर के सैफन नजदीक खदानों से बरामद हुई है। लाश टुकड़ों में मिली है और काफी गली-सड़ी हालत में है। खबर लिखे जाने तक पुलिस जांच कर रही थी। उधर कस्बा घन्नौर में बच्चे की लाश मिलने के बाद शोक का माहौल था। विधायक जलालपुर खुद पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और उन्हें इंसाफ मिलने का भरोसा दिलाया।
छह साल के मनान मलिक के पिता सोहिल खान की घन्नौर की दाना मंडी के बाहर ही फलों की दुकान है और दुकान के साथ लगता ही उनका घर है। पांच दिसंबर को दाना मंडी में विधायक मदन लाल जलालपुर के बेटे की शादी की पार्टी थी। जिसमें मनान मलिक अपने दोस्तों के साथ खाने-पीने के लिए चला गया। बाद में वह घर वापस ही नहीं लौटा। परिवार वालों ने काफी तलाश की, जब उसका कोई पता नहीं लगा, तो घन्नौर थाने में रिपोट दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने मनान मलिक की किडनैपिंग का केस दर्ज किया था।
इसी बीच शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली की कि एक लाश गांव लाछड़ू खुर्द के नजदीक नरवाना ब्रांच नहर के सैफन के पास खदानों में पड़ी है। मौके पर पुलिस पहुंची तो यह किसी बच्चे की थी। लाश टुकड़ों में थी। बच्चे का सिर, टांगें व बाजू सब अलग पड़े थे। तुरंत मनान के परिवार वालों को बुलाया गया। दादा नसीरूदीन ने अपने पोते की लाश की शिनाख्त की। बताया जा रहा है कि नसीरूदीन ने पोते के बूटों व कपड़ों बगैरा से उसकी पहचान की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना इंचार्ज अमनपाल विर्क ने कहा कि अभी कुछ कहा नहीं जा सकता है। जांच जारी है।