सास से झगड़े के बाद बहू ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। बहू के जहर खाने सदमा सास बर्दाश्त नहीं कर सकी और उसने दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर हालत में बहू को सामान्य अस्पताल लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया।
मामला भिवानी(हरियाणा) का है। परिजन पीजीआई रोहतक ले जाने की बजाए उसे शहर के एक निजी अस्पताल ले गए। सूचना पर पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है।
मामला बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे का है। शास्त्री नगर की बालाजी कॉलोनी में युवक पवन की माता करीब तारादेवी(62) और उसकी पत्नी कविता(25) के बीच झगड़ा हो गया। गुस्से में कविता ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ी तो परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।
परिजन रोहतक ले जाने की बजाए उसे शहर के ही एक निजी अस्पताल में ले गए। बहू के जहरीला पदार्थ निगलने की सूचना मिलते ही सास को को सदमा लगा और वह बेसुध होकर गिर गई। परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे तो चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजन मृतका के शव को बिना किसी पोस्टमार्टम के ही ले जाना चाहते थे मगर अस्पताल प्रशासन ने उन्हें रोक दिया। मामले में मृतका के बेटे पवन, पूर्व पार्षद राजेश ने बताया कि आपसी मनमुटाव में कविता ने जहरीला पदार्थ निगल लिया।
यह सदमा उनकी मां बर्दाश्त नहीं कर सकी। अनाजमंड़ी चौकी इंचार्ज दिलबाग सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। परिजनों के बयान पर कार्रवाई की जाएगी।