स्नैचरों और अपराधियों पर लगाम लगाने में चंडीगढ़ पुलिस नाकाम साबित हो रही है। पिछले 24 घंटों में 10 से ज्यादा वारदात सामने आईं। इनमें से पांच वारदात वाहन चोरी, एक लूट, दो चोरियां, एक मारपीट और स्नैचिंग की है।
कार और ट्रैक्टर चोरी
इंडस्ट्रियल एरिया फेज एक निवासी रंधीर सिंह का ट्रैक्टर ही चोर ले गए। उसने औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है। सेक्टर-22 सी निवासी एचएस सोढी की एस्टीम कार घर के बाहर से चोरी हो गई।
सेक्टर-22 थाना पुलिस ने इसके अलावा बैंक स्क्वेयर पार्किंग से सेक्टर-15 डी निवासी अवतार सिंह की मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला भी दर्ज किया है।
इसके अलावा एलांते माल की पार्किंग से नया गांव निवासी कमल शर्मा की और बुड़ैल के हरियाणा होटल के पास से सेक्टर-22 निवासी गुरप्रीत सिंह की मोटर साइकिल चोरी हो गई। हालांकि गुरप्रीत की शिकायत पर सेक्टर-34 पुलिस ने चोरी के आरोप में बुड़ैल के सौरभ को गिरफ्तार किया है।
युवक को लूटा
मनीमाजरा के मौली कांप्लेक्स निवासी अरुण मौर्य से मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने पांच हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए।
मनीमाजरा पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी धरमिंदर उर्फ काली को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथी विक्की और बबली पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
कार सवार को पीटा
सेक्टर-15 के पेट्रोल पंप के पास कुछ युवकों ने एक कार चालक को रोक कर उसकी खूब पिटाई की। मोहाली विासी निर्मल कुमार ने बताया कि वह सेक्टर-8 की पार्किंग सुपरवाइजर है। शनिवार रात करीब आठ बजे वह अपने दोस्त के साथ घर लौट रहा था।
सेक्टर-15 में पेट्रोल पंप के पास कुछ युवकों ने अपनी कार आगे लगा कर उन्हें रोक लिया और मुंह ढके करीब आधा दर्जन युवकों ने उन्हें गाड़ी से उतार लिया। उन सभी के हाथ में डंडे थे और उतरते ही उसकी पिटाई शुरू कर दी।
युवकों ने सिर्फ निर्मल को ही पीटा, जबकि उसके दोस्त को हाथ तक नहीं लगाया। निर्मल कुमार ने शक जताया है कि कुछ दिन पहले उसका पार्किंग में पर्ची को लेकर झगड़ा हुआ था। इसमें उन्हीं युवकों का हाथ हो सकता है।
एटीएम चुराया
कसरत करने आए युवक का सेक्टर-8 के जिम में तैनात एक कर्मचारी ने एटीएम चुरा लिया। सेक्टर-23 निवासी जसप्रीत वालिया की शिकायत पर डड्डूमाजरा निवासी दीपक को गिरफ्तार किया है।
दुकानों के ताले तोड़े
हल्लोमाजरा में दो दुकानों के ताले तोड़कर करीब आधा दर्जन लोगों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। यह दोनों दुकानें विजय गोयल की है। उसकी एक दुकान करियाने और दूसरी दुकान कपड़े की है।
विजय गोयल ने पुलिस को बताया कि चोर अपने साथ डेढ़ लाख रुपये का सामान ले गए है। सामने की दुकान पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं जिसे देखकर पता चला कि करीब आधा दर्जन आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
सीसीटीवी कैमरे से आरोपियों की पहचान हो गई है। पुलिस ने एक आरोपी के घर पर छापा मारा तो वहां से चोरी का कुछ सामान भी मिला। हालांकि आरोपी अभी तक फरार हैं।