युवक के कमरे में दो अज्ञात युवकों ने घुसकर तेजधार हथियार से हमला कर नगदी लेकर फरार हो गए। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जीएमसीएच-32 में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार रायपुर खुर्द में तीसरी मंजिल पर रामचंद्र (23) किराये पर रहते हैं।
शुक्रवार रात वह सो रहे थे। इसी दौरान कमरे में आवाज आने के बाद वह जाग गए। उन्होंने देखा की दो अंजान युवक उसके सामने खड़े थे। इसमें से एक के हाथ में तेजधार हथियार था, जबकि दूसरे युवक के हाथ में उनका पर्स था। रामचंद्र ने जब पर्स छीनने की कोशिश की तो दोनों ने उस पर तेजधार हथियार से वार कर दिए।
इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद आरोपी उनका पर्स लेकर फरार हो गए। पर्स में करीब 1000 रुपये और जरूरी कागजात रखे थे। पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठे हो गए। लोगों ने पुलिस को 100 नंबर पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पीसीआर पीड़ित को जीएमसीएच-32 ले गई। जहां पीड़ित का इलाज चल रहा है।
रामचंद्र एलांते मॉल में नौकरी करते हैं। पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर मौलीजागरां थाने में अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। लेकिन अब तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।