लदंन में कत्ल किए गए युवक के पिता तस्वीर के साथ।
लंदन में आपसी रंजिश में पंजाब के तीन युवकों का कत्ल कर दिया गया। तीनों की पहचान पटियाला निवासी हरिंदर कुमार (22), सुल्तानपुर लोधी के गांव जट्टा दी सराए के मलकीत सिंह (34) और नरिंदर सिंह (26) के तौर पर हुई है। इनमें से एक पटियाला का हरिंदर कुमार (22) करीब नौ साल पहले लंदन गया था। वहीं जैसे ही यह खबर ग्रीन पार्क कालोनी में रहने वाले हरिंदर के परिवार को मिली, तो परिवार में मातम पसर गया।
परिजनों ने सांसद परनीत कौर, आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान और समाज सेवी एसपी ओबराय से मदद व इंसाफ दिलाने की गुहार लगाई है। हरिंदर के जीजा संदीप शर्मा ने बताया कि हरिंदर 2011 में लंदन स्टडी वीजा पर गया था। पढ़ाई पूरी होने के बाद वहां कुछ साल पहले ही उसने कंस्ट्रक्शन क्षेत्र में कुछ बिल्डरों के साथ काम करना शुरू कर दिया था।
बाद में बिल्डरों ने मेहनत के मुताबिक उसे पैसे देने बंद कर दिए। शिकायत करने पर भी कुछ न किया तो हरिंदर ने अलग से अपना काम शुरू कर दिया। इससे बिल्डर काफी नाराज थे। आरोप है कि इसी रंजिश में चाकुओं से गोद कर हरिंदर कुमार समेत पंजाब के तीन नौजवानों का कत्ल कर दिया गया।
उन्हें बेटे के दोस्तों से इस बारे में सूचना मिली। लंदन पुलिस ने घर फोन कर शिनाख्त करने को कहा है। इकलौते बेटे की मौत की खबर से माता-पिता दोनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार वालों ने सांसद परनीत कौर, भगवंत मान और समाजसेवी एसपी ओबराय से अपील की है कि वह हरिंदर कुमार के शव को लंदन से पटियाला लाने में मदद करें।
मलकीत की हत्या से जट्टा दी सराए में शोक
लंदन में मारा गया दूसरा युवक सुल्तानपुर लोधी के गांव जट्टा दी सराए का 34 वर्षीय मलकीत सिंह 15 साल पहले लंदन में पैसा कमाने गया था। परिजनों के अनुसार सोमवार देर रात को लंदन में दो गुटों में किसी बात को लेकर लड़ाई हो गई। इसके बाद पंजाब निवासी तीन युवकों की हत्या कर दी गई। मृतक मलकीत सिंह दो भाई थे। गांव के पूर्व सरपंच चरनजीत सिंह ने बताया कि सोमवार को परिवार को मलकीत की मौत के बारे में सूचना मिली थी।