सोनीपत के गांव ढुराना ड्रेन पुल के पास ग्रामीण पर पिस्तौल तान कर मारपीट करने के साथ ही 50 हजार रुपये लूट लिए गए। हमलावरों ने ग्रामीण को पूर्व सरपंच व एक अन्य के खिलाफ लगाई गई आरटीआई वापस लेने की धमकी दी। हमलावरों ने ग्रामीण को अधमरा कर दिया और भाग गए। ग्रामीण को राहगीरों ने सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उन्हें उपचार दिया जा रहा है। ग्रामीण के बयान पर पुलिस ने मारपीट, लूटपाट व धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है।
गांव ढुराना निवासी तिलकराज ने सदर थाना गोहाना की मुंडलाना चौकी पुलिस को बताया कि वह गुरुवार दोपहर अपनी बाइक पर सवार गोहाना से गांव ढुराना आ रहे थे। जब मुंडलाना-ढुराना रोड पर पुल के पास पहुंचे तो अचानक दो व्यक्ति उसकी बाइक के सामने आ गए और पिस्तौल दिखाकर उन्हें रोक लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते युवकों ने उसे कहा कि रामगढ़ के पूर्व सरपंच बिट्टू और अशोक उर्फ टूंडा के खिलाफ लगाई गई आरटीआई को वापस उठा ले, नहीं तो जान से मार देंगे।
इतना कहने के बाद उन्होंने डंडे से उस पर हमला कर दिया। इस बीच एक हमलावर ने उसे गोली मारने की बात कही। जिस पर दूसरे ने कहा कि अभी इसके हाथ-पैर तोड़ दे। अगर फिर भी नहीं मानेगा तो जान से मार देंगे। हमले में वह बेसुध हो गया। जिस पर हमलावरों ने उसकी जेब से 50 हजार रुपये लूट लिये। साथ ही उसे धमकी देकर अपनी बाइक पर सवार होकर भाग गए। उसे राहगीरों ने अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घायल के बयान दर्ज कर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम हमलावरों का पता लगा रही है।