हवाला के जरिए पैसे लेने के मामले में बर्खास्त किए गए डीएसी गुरबंस सिंह बैंस के सहयोगी एनके गोयल के तार ड्रग तस्कर जगदीश भोला और भू-माफिया से जुड़ रहे हैं। पुलिस इस दिशा में भी जांच कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक जांच में पुलिस के हाथ कई अहम सुराग भी लगे हैं। हालांकि पुलिस अधिकारी इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक गोयल के खिलाफ धोखाधड़ी और एनडीपीएस एक्ट के तहत करीब 11 मामले दर्ज हुए हैं। इनमें पंजाब के अलावा कई अन्य राज्य में भी मामले दर्ज होने की बात सामने आई हैं। इन राज्यों में हरियाणा, महाराष्ट्र और चंडीगढ़ शामिल हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक एनके गोयल वैसे संगरूर से संबंध रखता है। काफी समय से शराब ठेकों के कारोबार में लगा हुआ था। सूत्रों के मुताबिक जांच में गोयल ने पुलिस को बताया है कि शराब ठेकों के आवेदन के लिए उसने रकम उधार ली थी।
वहीं, जांच में साफ हो गया गोयल का ट्राइसिटी में सक्रिय भू-माफियों से भी संबंध हैं। फेज-8 थाने में 19 मार्च 2007 को गोयल के खिलाफ एक एनआरआई महिला की शिकायत पर पर्चा दर्ज हुआ था।
महिला ने अपनी शिकायत में कहा था कि गोयल ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर उसका फेज-10 में बना मकान फर्जी दस्तावेज तैयार कर बेच दिया था। साथ ही उसकी प्रॉपर्टी पर 75 लाख का लोन ने लिया था। इस दौरान गोयल के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ था।