वोल्वो बस चंडीगढ़ के पास जीरकपुर में सड़क हादसे का शिकार
चंडीगढ़ से दिल्ली की ओर जा रही वोल्वो बस जीरकपुर में देर रात सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसा, बनूड़ की ओर से आ रहे ट्रक के टकराने से हुआ। हादसे में 48 यात्रियों के घायल होने की खबर है। इनमें से छह को पीजीआई में भरती करवाया गया। इसके अलावा सेक्टर-32 जीएमसीएच व डेराबस्सी अस्पताल में घायल भरती करवाए गए है।
जांच अधिकारी एएसआई नरिंदर कुमार ने बताया कि सोमवार तड़के करीब साढ़े 3 बजे वोल्वो टूरिस्ट बस जम्मू से वाया मोहाली होते हुए दिल्ली जा रही थी। मोहाली से रिंग रोड से आते हुए बस जब जीरकपुर-पटियाला हाईवे पर पहुंची तो इस दौरान बनूड़ की ओर से एलपीजी सिलेंडरों से भरा ट्रक जीरकपुर की तरफ आ रहा था, जिसकी वोल्वो बस से टक्कर हो गई।
जांच अधिकारी के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस दो पलटियां खाकर पास मौजूद एक गड्ढे में गिर गई। राहगीरों ने हादसे की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम पर दी।