फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कार में 4 कंकाल: जांच में सनसनीखेज खुलासा

Sun, 04 Jan 2015 05:39 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, बहादुरगढ़(हरियाणा)
विज्ञापन
विज्ञापन
दिल्ली के जिन चार युवकों के शव एक साथ कार में जलाए गए उनकी पहले तीन अलग-अलग हथियारों से गोली मारकर हत्या की गई और बाद में शवों को खुर्द-बुर्द करने के मकसद से कार सहित आग के हवाले कर दिया गया। चारों युवकों के कंकालनुमा शवों का पोस्टमार्टम रोहतक पीजीआई में फारेंसिक एक्सपर्ट डाक्टरों से करवाकर उन्हें परिजनों के हवाले कर दिया गया है। घटना हरियाणा के बहादुरगढ़ के गांव ईस्सरहेड़ी में वीरवार को घटी थी।
विज्ञापन


पुलिस अधीक्षक राजेश दुग्गल ने बताया कि यह वारदात पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दी गई है। उन्होंने बताया कि मितराऊ निवासी मनीष, सुधीर, संदीप व समसपुर निवासी दीपक का पहले अपहरण किया गया और बाद में उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।

हत्याकांड को अंजाम देने में 32 बोर, 12 बोर व 9 एमएम के हथियारों का इस्तेमाल किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि चारों युवकों की पहले गोली मारकर हत्या की गई और बाद में उनके शवों को जलाया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक मनीष के चचेरे भाई नरेंद्र की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है।
विज्ञापन


नरेंद्र ने बताया कि मनीष व उसके साथी संदीप, सुधीर तथा समसपुर का दीपक चारों मितराऊ के भूपेश के घर में नए साल की पार्टी मनाने के लिए गए थे।
विज्ञापन

रोंगटे खड़े कर देने वाले हत्याकांड से सकते में

आधी रात के बाद वे चारों घर के लिए निकल गए। उसके बाद सुधीर ने भूपेश को फोन करके बताया कि उनका रास्ते में रवींद्र के साथ झगड़ा हो गया है। इसके बाद चारों का मोबाइल स्वीच ऑफ हो गया।

इसके बाद छावला निवासी हरीश ने मृतक संदीप के भाई मनदीप को फोन पर बताया कि बहादुरगढ़ पुलिस उसकी गाड़ी के बारे में पूछने के लिए आई है। इसके बाद चारों के शव गाड़ी समेत जले हुए मिले। पुलिस ने चारों की हत्या में रवींद्र के अलावा धर्मेंद्र, गोपाल, राहुल निवासी मितराऊ व दरियापुर के चोटी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

शुक्रवार को बहादुरगढ़ पुलिस ने शवों के कंकालों को पोस्टमार्टम के बाद वारिसों को सौंप दिया। मगर किस युवक का शव कौन सा था इसको लेकर संशय बना रहा। रोंगटे खड़े कर देने वाले इस चौहरे हत्याकांड से बहादुरगढ़ के अलावा आसपास क्षेत्र के लोग भी सकते में हैं।

नए वर्ष के जश्न के दौरान चार युवकों की हत्या करने व बाद में उनके शवों को कार में जलाने की वारदात के मामले में हत्यारोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस अधीक्षक राजेश दुग्गल ने चार टीमों का गठन किया है। इसमें एसआईटी, सीआइए, थाना सदर व स्पेशल टीमें शामिल हैं। सभी टीमें अपने-अपने स्तर पर दिन-रात जानकारी जुटाकर संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। उन्होंने बताया कि जल्द ही हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें