जिले कीरामा मंडी से 5 दिन पहले संदिग्ध अवस्था में लापता हुई 6 वर्षीय बच्ची की सिर कटा धड़ मिलने के बाद वीरवार को पुलिस ने उसका सिर भी रामसरा रोड पर स्थित गोशाला के नजदीक से बरामद कर लिया है।
पुलिस अब अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तांत्रिक द्वारा बच्ची की बलि देने और बच्ची से दुराचार कर हत्या करने की थ्योरी पर भी काम कर रही है। वहीं इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है।
सीआईए स्टाफ के मुताबिक बच्ची की मां से संबंध रखने वाले एक व्यक्ति को जब पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया तो मां ने गुस्से में आकर फंदा लगाकर खुदकुशी की कोशिश की, जिसे आसपास के लोगों ने बचाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल बठिंडा में भेजा था, जहां से डॉक्टरों ने शव का पोस्टमार्टम कर उसे परिजनों को सौंपा।
रामां मंडी थाने के प्रभारी सिकंदर सिंह ने बताया कि वीरवार को बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। पिता सुखदेव सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे।