कोरोना महामारी के चलते लगे कर्फ्यू के दौरान मोहाली में संदिग्ध हालात में विवाहित की हत्या का मामला सामने आया है। एयरोसिटी से सटे गांव मनौली में वारदात अंजाम दी गई। हत्या के बाद से महिला का पति भी फरार चल रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिया है। सोहाना थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतका के परिजन बिहार में हैं। उन्हें भी सूचित कर दिया गया है। उनके आने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। मिली जानकरी के मुताबिक, मामला सोमवार रात का बताया जा रहा है। मृतका अंजू कुमारी व उसका पति घर में थे।
सूत्रों से पता चला है कि रात में ही हत्या को अंजाम दिया गया। गले को दुपट्टा से दबाया गया था। आरोपी ने मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश भी की है। क्योंकि एक चुन्नी छत से लटकी हुई मिली। लेकिन मृतका का पति मौके पर नहीं मिला, वह फरार हो गया। ऐसे में पुलिस यही मानकर चल रही है कि पति ने हत्याकांड को अंजाम दिया है।
हालांकि पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है, ताकि हत्याकांड से पर्दा उठाया जा सके। मौके पर पहुंचे थाना सोहाना के एसएचओ दलजीत सिंह ने कहा कि मामले की जांच चल रही है।