कंपनी का डाटा, पासवर्ड व लॉग इन आईडी चोरी कर इस्तेमाल करने के आरोप में साइबर सेल ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी को जिला अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है।
साइबर सेल पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सेक्टर-40 स्थित सिटी एंटरप्राइजिस के मालिक दिनेश मिड्ढा ने पिछले महीने शिकायत दर्ज कराई थी कि सेक्टर-37 में कंपनी चलाने वाला सुनील उनकी कंपनी का पासवर्ड व आईडी का इस्तेमाल कर रहा है। इसकी जांच करते हुए साइबर सेल ने सुनील वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।
सिटी एंटरप्राइजिस कंपनी के दिनेश मिड्ढा ने बताया कि उनकी कंपनी में काम करने वाली दीपिका अहुजा ने कंपनी का लॉन इन आईडी, पासवर्ड व कस्टमर का डाटा चोरी किया था। इसके बाद वह उनके यहां से नौकरी छोड़कर सेक्टर 37 में सुनील की कंपनी में नौकरी करने लगी थी।
करीब 6-7 महीने तक नौकरी डॉट कॉम पर उनके आईडी और पासवर्ड का इस्तेमाल करते रहे। शिकायतकर्ता दिनेश मिड्ढा ने बताया कि उस आईडी व पासवर्ड का इस्तेमाल करने के लिए वह वेबसाइट को हर साल करीब 1 लाख 70 हजार रुपये चुकाते हैं।
दिनेश का चल रहा है वैवाहिक विवाद
मामले में सुनील की पत्नी का कहना है कि दिनेश मिड्ढा उनकी बहन का पति है। उनका पत्नी के साथ वैवाहिक विवाद चल रहा है। जिसकी शिकायत महिला पुलिस थाने में दे रखी है। अब मामला कोर्ट में चला गया है। दिनेश ने इसी कारण झूठी शिकायत दर्ज करवाकर उनके पति को फंसाया है।
सुनील की पत्नी का कहना है कि जिस लड़की पर डाटा चोरी का केस दर्ज कराया गया है। वह भी दिनेश के साथ करीब 12 वर्ष काम कर चुकी है। लेकिन पिछले कुछ समय से दिनेश उसके प्रति बुरी नजर रखता था। जिस कारण दीपिका ने उसकी कंपनी छोड़ दी थी।