गांव में तैनात भारी पुलिस बल।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
गांव के दो लोगों को इस घटनाक्रम में चोटें आई हैं। गांव में डीएसपी सज्जन कुमार के नेतृत्व में कलायत थाना प्रभारी बलदेव सिंह मलिक, सीआईए व अन्य एजेंसियों के अधिकारियों की मौजूदगी में भारी पुलिस बल को तैनात किया गया।
दोनों पक्षों ने आरोप लगाया कि बाहरी लोगों को दंगा भड़काने के लिए लाया गया है। बाहरी लोगों के आश्रय के ठिकानों पर पुलिस टीमों ने दबिश दी। पोलिंग स्टेशन से कुछ दूरी पर स्थित एक बड़े मकान को पुलिस ने घेर लिया। जो लोग मकान के अंदर थे, उन्होंने मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया ताकि पुलिस फोर्स प्रवेश न कर सके। मकान की ऊंची दीवारों को फांदकर लोगों ने खेतों से फरार होने का प्रयास किया लेकिन पुलिस की गोलबंदी के चलते अधिकांश धरे गए।
गांव जुलानी खेड़ा में कानून-व्यवस्था और शांति पूर्वक मतदान को सुनिश्चित करने के लिए शाम तीन बजे डीसी डॉ. संगीता तेतरवाल ने जिला पुलिस कप्तान मकसूद अहमद के साथ दौरा किया। इस दौरान डीएसपी सज्जन कुमार, चुनाव अधिकारी मयंक भारद्वाज, सहायक चुनाव अधिकारी हरिंद्र पाल, बीडीपीओ रोजी सिंह और चुनाव व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों के साथ पोलिंग स्टेशन का मुआयना किया।
डीसी ने कहा कि शांतिपूर्वक और अधिक से अधिक मतदान के लक्ष्य को लेकर प्रशासन चौकस है। जुलानी खेड़ा गांव में वोटिंग को लेकर जो विवाद हुआ उस पर कानूनी प्रक्रिया अनुसार संज्ञान लिया है। समाचार लिखे जाने तक गांव में भारी तनाव की स्थिति बनी थी और गांव में दो बटालियन पुलिस बल तैनात था।