पंजाब यूनिवर्सिटी में स्टार नाइट के दौरान एनएसयूआई के अपने ही दो गुट आपस में भिड़ गए और जमकर किरपाणें चली। वजह मामूली सी थी। पुलिस के मुताबिक एनएसयूआई के दोनों गुट सिंगर के साथ फोटो शूट कराने के लिए आपस में उलझ गए। एनएसयूआई के गुरजोत संधू गुट ने परगट बराड़ व उसके साथियों पर हमला कर दिया।
एनएसयूआई के दो गुटों के लड़ाई में दूसरे गुट के लीडर परगट सिंह के सिर पर गुरजोत संधू गुट के छात्र नेताओं ने किरपान से हमला किया। जिसके चलते परगट बराड़ को सेक्टर-16 अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एनएसयूआई के गुरजोत संधू और परगट सिंह बराड़ गुट के छात्र नेताओं के खिलाफ मारपीट करने को लेकर कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार दो दिन पहले भी एनएसयूआई के ये दोनों गुट स्टार नाइट के आयोजन को लेकर कैंपस में आपस में भिड़ गए थे। तब मामला शांत करा लिया गया था। लेकिन बुधवार रात करीब 11 बजे जैसे ही स्टार नाइट खतम हुई।
दोनों गुट स्टार नाइट पर लाइव परफोर्मेंस देने के लिए आए सिंगर सिप्पी गिल के साथ फोटो कराने के लिए आपस में भिड़ गए। दूसरा, स्टार नाइट के आयोजन में एनएसयूआई पार्टी के जो होर्डिंग्स लगाए गए थे, उसमें से एनएसयूआई के एक गुट के छात्र नेताओं की फोटो नहीं थी। इसको लेकर भी स्टार नाइट की शुरुआत में दोनों गुट में बहस हुई थी।
एनएसयूआई के पोस्टर पर नाम न होने पर बवाल
स्टार नाइट के दौरान स्टेज पर लगाए गए एनएसयूआई के पोस्टर पर नाम व फोटो न होने के चलते गुरजोत संधू ने अपने युवा समर्थकों के साथ दूसरे गुट पर हमला बोल दिया। जिसके चलते दूसरे गुट के छात्र नेता परगट सिंह बराड़ के सर पर किरपान से हमला कर दिया।
पुलिस ने मामला हाई प्रोफाइल होने के चलते दबाया
इस बारे में जब सेक्टर-11 थाना एसएचओ से फोन पर बात की गई, तो उन्होंने कहा कि हमें स्टार नाइट के दौरान लड़ाई को लेकर कॉल नहीं आई है। जबकि पीयू में सिप्पी गिल की स्टार नाइट के दौरान पुलिस के जवान वहां मौजूद थे।
इसके बावजूद सेक्टर-11 पुलिस थाना इस मामले को दबाती रही। बताया जा रहा है एनएसयूआई के जिन दो गुटों में लड़ाई हुई है, दोनों गुट के लीडर अच्छे परिवार से ताल्लुक रखते हैं, इस दबाव में आकर पुलिस ने मारपीट करने को लेकर दोनों युवकों पर कोई मामला दर्ज नहीं किया।