क्राइम ब्रांच ने अग्रोहा, हिसार के पास टिकनवास टोल प्लाजा पर छापा मारा। पुलिस ने टोल प्रबंधक शीशपाल को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। शीशपाल फतेहाबाद का रहने वाला है और सिरसा के गांव बनवाला में उसका ननिहाल है। पुलिस ने उसके साथ गांव बनवाला में दबिश दी।
पुलिस को यहां से चार बोरों में पांच-पांच के करीब 11 लाख के नकली सिक्के मिले हैं। इसके अलावा पुलिस की टीम ने सिरसा के ही भावदीन टोल प्लाजा पर दबिश दी। बताया जा रहा है कि वहां पुलिस के पहुंचने पर टोल प्रबंधक और अकाउंटेंट फरार हो गए। पुलिस ने वहां से एक-दो कर्मचारियों को हिरासत में लिया है।
महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात और यूपी में दबिश
क्राइम ब्रांच के सूत्रों के अनुसार, आरोपियों ने हरियाणा व एनसीआर के टोल प्लाजा के अलावा महाराष्ट्र, गुजरात, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के टोल बूथों पर भी भारी मात्रा में नकली सिक्के दे रखे हैं। पुलिस की अलग-अलग टीमें इन राज्यों में जाकर दबिश दे रही हैं।
कुछ टीमें सोमवार रात को रवाना हो गईं तो कुछ मंगलवार सुबह निकली हैं। माना जा रहा है बुधवार तक टीमें टोल बूथों पर पहुंच कर जांच करेंगी। क्राइम ब्रांच को उम्मीद है कि वहां से भी पुलिस को नकली सिक्कों का बड़ा जखीरा मिलेगा।