सिंबला गांव में बच्चों के विवाद को लेकर बात इतनी बढ़ गई कि दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। विवाद में एक पक्ष ने गंड़ासियों, लाठियों और डंडों से लैस होकर दूसरे पक्ष के घर में घुसकर मकान में तोड़फोड़ कर लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया।
खूनी संघर्ष में एक परिवार के पांच भाई बुरी तरह लहूलुहान हो जख्मी हो गए। रात को ही लोगों ने सभी को एमएम मुलाना मेडिकल में दाखिल कराया। सूचना मिलते ही मुलाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने राकेश की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार सिंबला निवासी राकेश ने बताया कि रविवार को उसके चाचा प्रेम का लड़का लक्की ट्यूशन पढ़ कर आ रहा था। रास्ते में विपुल व उसके साथी गोलू, मनी व कमल मिले। आरोप है कि इन लोगों ने रास्ता रोककर उसकी जमकर पिटाई की।
इसके बाद लक्की के परिजन विपुल के पापा से मिलकर इसकी शिकायत की। यह बात सुनते ही वे लोग तैश में आ गए लेकिन स्थानीय लोगों और सरपंच के बीच में आने पर मामला शांत हो गया।
पीड़ितों ने बताया कि रविवार रात विनोद, ऋषभ व कमल अपने साथ दर्जनों युवाओं को लेकर आया और दीवार फांद कर हमारे घर में घुस आए हमारे कमरों के दरवाजे तोड़ दिए।
इतना ही नहीं खिड़कियों का कांच तोड़ दिया और अंदर घुस कर हम पर लाठियों, डंडों व गंडासियों से जानलेवा हमला बोल दिया।
इसके बाद मेरे चाचा जोगिंद्र के यहां तोड़-फोड़ कर मारपीट की। इस हादसे में राकेश कुमार, डिंपल, रमेश कुमार, प्रवीण कुमार व अमन बुरी तरह से घायल हो गए।