पीजीआई नर्सिंग वेलफेयर एसोसिएशन की कार पर केमिकल फेंकने और शीशा तोड़ने का मामला सामने आया है।
इस मामले में एक ओटी टेक्नीशियन पर संदेह जताया जा रहा है। पीजीआई पुलिस चौकी में आरोपी के खिलाफ शिकायत दे दी गई है। शाम के वक्त पुलिस ने उससे पूछताछ भी की है, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया।
डीएसपी आशीष कपूर का कहना है कि आरोपी के खिलाफ डीडीआर दर्ज कर ली गई है। मामले की छानबीन चल रही है।
शिकायतकर्ता व पीजीआई नर्सिंग एसोसिएशन के प्रेसिडेंट लखविंदर सिंह ने बताया कि रविवार रात को उन्होंने अपनी कार निवेदिता हास्टल के बाहर खड़ी कर दी थी।
सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे एक सिक्योरिटी गार्ड ने उन्हें सूचना दी कि उनकी कार पर किसी ने केमिकल फेंक दिया है और कार का शीशा भी तोड़ दिया है। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और खुद ही मुआयना किया।
लखविंदर के मुताबिक उन्हें शक है कि कार पर केमिकल एक ओटी टेक्नीशियन ने फेंका है। कुछ दिन पहले ओटी टेक्नीशियन व लखविंदर के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी।
बहस के बाद से दोनों में बातचीत बंद हो गई थी। लखविंदर का यह भी आरोप है कि घटना के बाद आरोपी मौके पर भी पहुंचा और उसने कार को देखा भी।
इसलिए उन्हें पूरा शक है कि केमिकल उसी व्यक्ति ने फेंका और कार का शीशा भी तोड़ा है। लखविंदर ने तुरंत इस मामले की शिकायत पीजीआई स्थित पुलिस चौकी को दी।
पुलिस चौकी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए इस मामले में जांच शुरू कर दी। पुलिस ने तुरंत आरोपी को बुलाया और पूछताछ शुरू की। पूछताछ के बाद फिलहाल पुलिस ने उसे छोड़ दिया है। डीएसपी आशीष कपूर के मुताबिक जांच चल रही है। आरोपी के खिलाफ डीडीआर भी दर्ज कर दी है।