चंडीगढ़ में रेप पीड़िता पर एसिड अटैक की सूचना से सोमवार को पूरा दिन हड़कंप मच रहा, जबकि असलियत तो कुछ और ही निकली। सेक्टर 25 से इस बात की सूचना मिलने के बाद तत्काल पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो युवती सुरक्षित मिली। युवती ने दावा किया है कि बाइक सवार दो युवक उस पर तेजाब फेंक गए, जिससे उसकी त्वचा में जलन में होने लगी। जबकि पुलिस ने जांच की तो कपड़े कहीं से जले नहीं लगे, न ही त्वचा पर कोई निशान दिखे। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है। जांच अधिकारी एसआई सरिता ने बताया कि सेक्टर-16 जीएमएसएच में मेडिकल कराया।
डॉक्टरों ने भी अपनी प्राथमिक रिपोर्ट में युवती पर एसिड अटैक की पुष्टि नहीं की है। लेकिन फिर भी युवती के कपड़े जांच के लिए सीएफएसएल भेजे जाएंगे ताकि सच्चाई सामने आ सके। सेक्टर-11 थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों पर आईपीसी की धारा-326, बी के तहत केस दर्ज किया है। बकौल युवती, वारदात के वक्त वह जुवेनाइल जस्टिस कोर्ट की ओर जा रही थी। दूसरी ओर वारदात स्थल के आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा भी नहीं लगा है। साथ ही पुलिस को न कोई चश्मदीद मिला और न ही मौका ए वारदात पर एसिड नुमा तरल पदार्थ के छींटे गिरे मिले। उधर, युवती की मां और बहन का आरोप है कि पुलिस ने उन पर शिकायत वापस लेने का दबाव भी बनाया।
पिछले साल युवती से हुआ था जम्मू में रेप
पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि पिछले साल युवती ने सेक्टर 34 थाने में जम्मू कश्मीर निवासी उवैस हसन के खिलाफ रेप का केस दर्ज कराया था। शिकायत के मुताबिक, युवती तब किशोरावस्था में थी। फेसबुक पर उवैस ने पहले तो उससे दोस्ती की फिर नजदीकियां बढ़ाईं। आरोप है कि उवैस ने युवती को कश्मीर बुलाया लेकिन वह नहीं पहुंची तो कुछ दिनों बाद खुद ही चंडीगढ़ आ गया। यहां मुलाकात के बाद वह झांसा देकर उसे जम्मू कश्मीर ले गया। वहां उससे रेप किया। युवती ने चंडीगढ़ सेक्टर 34 थाने में पोक्सो एक्ट समेत रेप का केस दर्ज कराया था। यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है। दूसरी ओर चंडीगढ़ पुलिस ने बताया कि रेप का केस जुवेनाइल जस्टिस कोर्ट से जिला अदालत शिफ्ट हो चुका है।
कोर्ट से तीन किलोमीटर पहले ही ऑटो से उतरी युवती
युवती घर से जुवेनाइल जस्टिस कोर्ट के लिए ऑटो में बैठकर गई थी। लेकिन वह ऑटो से कोर्ट के सामने उतरने के बजाय तीन किलोमीटर दूर सेक्टर 38/39 लाइट प्वाइंट पर उतर गई। यहां से पैदल ही कोर्ट की ओर जा रही थी तभी सेक्टर 25 में यह वारदात हो गई। वह इतनी दूर क्यों उतरी इसका जवाब पुलिस की पूछताछ में युवती नहीं दे सकी।
उवैस की मां ने फोन पर दी थी धमकी
पुलिस के मुताबिक, जुलाई 2017 में शिकायत मिली थी कि आरोपी उवैस की मां ने युवती को फोन पर धमकी दी थी। पुलिस की जांच में भी यह बात सामने आई कि उनकी फोन पर बातचीत हुई थी। लेकिन शिकायतकर्ता पुलिस को धमकी की कॉल रिकार्डिंग नहीं दे सकी थी। हालांकि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली थी।