चंडीगढ़ में सेक्टर-29 में पान -बीड़ी के दुकानदार पर लूट के लिए हमला करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने काबू कर लिया है। वारदात के बाद बुजुर्ग की अस्पताल में मौत हो गई थी। आरोपियों पर लूट, हत्या की धाराएं दर्ज की गई हैं। चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश करके दो दिनों का रिमांड लिया गया है।
एएसपी ईस्ट डा. गुर इकबाल सिंह सिद्धू ने बताया कि 23 मार्च की रात करीब 12 बजे सेक्टर-29 स्थित साईं मंदिर के पास से चार युवकों ने पान -बीड़ी की दुकान चलाने वाले बुजुर्ग सरजू राम से लूट की और इस दौरान विरोध करने पर उनकी जमकर पिटाई की।
युवक उनके पास से करीब 1400 रुपये नगद और सारा सामान लेकर फरार हो गए। इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई थी। जांच के दौरान करीब 10 नशेड़ियों को राउंडअप किया गया था। पूछताछ के दौरान दो आरोपियों ने गुनाह कबूल कर लिया। उनकी निशानदेही पर अन्य दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों की पहचान सेक्टर 29 निवासी शेरा, कमलजीत व हल्लोमाजरा निवासी मोहनलाल, विशाल के रूप में हुई है। आरोपियों की उम्र 18 से 25 साल के बीच बताई जा रही है। सभी आरोपी नशे के आदी बताए जा रहे हैं। वे नशे की लत को पूरा करने के लिए लूट व स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देते थे। मंगलवार को सेक्टर 26 थाना पुलिस द्वारा सभी आरोपियों को जिला अदालत में पेश किया गया।
पहले भी वारदातों को अंजाम दे चुके है आरोपी
चारों युवक सेक्टर 29 व आसपास के एरिया में रात को घूमते थे और इस दौरान अगर कोई राहगीर अकेला दिखता था तो उसका लूटने की कोशिश करते थे। इनके द्वारा कुछ लोगों को लूटा भी गया है। हालांकि, इन छोटी मोटी वारदातों की शिकायत पुलिस में नहीं आईं।
स्थानीय लोगों में दहशत
सेक्टर-29 में नशेड़ी पूरी तरह से सक्रिय हैं। इसकी वारदातों की वजह से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। जबकि, पुलिस ने बुजुर्ग से लूट के बाद पीसीआर की ड्यूटी लगा दी है। वहीं, एएसपी ईस्ट डा. गुरइकबाल सिंह सिद्धू ने कहा कि अगर किसी के साथ छोटी से छोटी वारदात होती है तो उसकी सूचना पुलिस को जरूर दें।