आईटीबीपी जवान का एटीएम कार्ड बदलकर एक युवक ने खाते से एक लाख रुपये निकाल लिए। जवान के साथ वारदात सेक्टर-7 के एसबीआई एटीएम पर हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
आईटीबीपी में कांस्टेबल विश्वजीत बर्मन की इस समय पोस्टिंग सेक्टर-29 स्थित ट्रैफिक पुलिस लाइन में है। पीड़ित ने बताया कि वह दो फरवरी को मध्य मार्ग स्थित एसबीआई के एटीएम में पैसे जमा करवाने गया था। जब वह पैसे जमा करने लगा तो दो बार मशीन ने एरर दिखाया।
तभी पास में ही एक लड़का खड़ा था, उसने मदद करने के बहाने एटीएम कार्ड लिया और इसी दौरान जब वह पासवर्ड भर रहा था, तभी लड़के ने एटीएम कार्ड बदल दिया। इसके बाद 2 फरवरी से लेकर 4 फरवरी के बीच उसके खाते से 1 लाख 745 रुपये निकाले गए। उसके खाते में इतनी ही राशि थी। बैंक जाकर पता किया तो एटीएम से सारे पैसे निकल चुके थे।
उस फ्रॉड का पता आठ फरवरी को लगा जब वह बैंक में पासबुक पर एंट्री करवाने गया। उसने बैंक से पूछताछ करने के बाद सेक्टर-26 पुलिस स्टेशन में शिकायत दी।
पुलिस ने शिकायत पर जांच करने के बाद अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस एटीएम में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।