पुलिस कंट्रोल रूम में सेक्टर-7 से युवक के अपहरण की कॉल आने से हड़कंप मच गया। पुलिस का कहना है कि जिस कार में युवक को ले जाने की सूचना मिली थी, उसका पता लगा लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। इस मामले में एफआईआर नहीं दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब चार बजे पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना आई की सेक्टर-7 स्थित पेट्रोल पंप के पास से कुछ व्यक्ति एक युवक के साथ मारपीट कर उसे गाड़ी में ले गए हैं। सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
वहां पर प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि चार-पांच लोग एक युवक को पीटते हुए गाड़ी में जबरदस्ती बैठाकर ले गए हैं। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर चेक कर रही है। अभी मामले में पुलिस के सामने न तो कोई पीड़ित आया है और न ही कोई शिकायतकर्ता।
डीएसपी ईस्ट सतीश कुमार ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच चल रही है। जिस गाड़ी में कथित तौर पर युवक के अपहरण करने की सूचना मिली थी, उसका पता चल गया है। वह गाड़ी जींद (हरियाणा) की है। पुलिस अभी वेरिफाई कर रही है कि किडनैपिंग हुई है या नहीं। इसके बाद मामले में बनती कार्रवाई की जाएगी।