पंचकूला से रोपड़ जा रही हरियाणा रोडवेज की एक बस कार को टक्कर मारने के बाद अटावा चौक को तोड़ते हुए उसके ऊपर चढ़ गई। हादसे में कार चालक और मोटरसाइकिल बाल बाल बचा लेकिन बस में सवार एक दर्जन से ज्यादा यात्री घायल हो गए। बस चालक रणबीर सिंह के भी सिर में चोट आई है। बस में दो दर्जन लोग सवार थे।
एक घंटे लगा रहा जाम
यह हादसा शाम साढ़े 4 बजे हुआ, लेकिन इसके बाद करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। यात्रियों का कहना है कि चालक को झपकी आ गई थी जबकि चालक ने पुलिस को बताया कि ब्रेक फेल हो गई थी।
सेक्टर-36 पुलिस मामले की जांच कर रही है। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह और इंस्पेक्टर तृप्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस और यात्रियों के अनुसार हरियाणा रोडवेज की बस ने सेक्टर-17 बस स्टैंड और सेक्टर-22 बस स्टाप से सवारियां उठाई थीं और वह सेक्टर-43 बस स्टैंड पर जा रही थी।
चौक पर भी कम नहीं की रफ्तार
यात्रियों के अनुसार अटावा चौक के पास पहुंचने के बावजूद बस की स्पीड कम नहीं हुई और बस पहले कार से टकराई और उसके बाद चौक पर चढ़ गई। टक्कर लगते ही कार तीन पलटियां खा कर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार को मोहाली के फेज एक निवासी मंजीत सिंह चला रहे थे, सीट बेल्ट लगी होने से वह इस हादसे में बाल-बाल बचे। कार सेक्टर-36 की तरफ से आ रही थी। आगे चल रहा मोटरसाइकिल सवार बनवंत सिंह कार की चपेट में आते-आते बचा। हादसे के बाद किसान भवन से अटवा चौक की ओर जाने वाली सड़क पर एक घंटे के लिए आवाजाही रोक दी गई।
ये हुए घायल
बस चालक के अलावा कपूरथला निवासी दंपति अमरजीत कौर और कुलदीप सिंह (दोनों पंजाब पुलिस में कांस्टेबल), सरिता, रोशन, पंचकूला निवासी तनमय, अभयपुर निवासी परशुराम चौहान और अजीत सिंह भी शामिल हैं।