पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह का हत्यार जगतार सिंह तारा अभी और कई सारे अहम खुलासे करेगा। बुड़ैल जेल ब्रेक केस में आतंकी जगतार सिंह तारा का रिमांड हासिल करने में नाकाम रहे ऑपरेशन सेल ने शुक्रवार को जिला अदालत में निचली अदालत के फैसले के खिलाफ अपील दायर की।
अपील में आतंकी तारा को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने और रिमांड अवधि खारिज करने के फैसले को एकतरफा करार दिया है।
मंगलवार को ऑपरेशन सेल ने तारा का प्रोडक्शन वारंट लेने के पीछे उसके 11 साल के लंबे अरसे तक फरार रहने और जेल ब्रेक केस में अन्य लोगों के संलिप्त होने के बारे में पूछताछ करने की दलील दी थी।
मामले में उस पर धारा 224 के तहत फरार होने की ही धारा लगी है, इसलिए उसे जमानत के निर्देश दे दिए गए थे। हालांकि बेल बॉन्ड न भरे जाने पर उसे न्यायिक हिरासत में बुड़ैल जेल भेज दिया गया था।
ऑपरेशन सेल की प्रोडक्शन वारंट को लेकर दी गई अपील को निचली अदालत ने खारिज कर दिया था। अदालत ने कहा था कि जिस धारा के तहत आरोप है वह जमानती है। इस फैसले को गलत और एक तरफा करार देते हुए ऑपरेशन सेल ने फैसले के लिए अपील दायर की है।