सेक्टर-18-19-20-21 के चौक (राउंड अबाउट) के बीचों बीच एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। हत्या चेहरे पर पत्थर से कई बार वार करके की गई है। चेहरा बुरी तरह से लहूलुहान किया गया है।
देर शाम तक व्यक्ति की शिनाख्त नहीं हो पाई है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि इस राउंड अबाउट के सेक्टर-20 की तरफ पीसीआर की गाड़ी स्थायी तौर पर रात को तैनात रहती है। पुलिस का कहना है कि पीसीआर की गाड़ी की ड्यूटी सुबह 5 बजे तक होती है ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि यह मर्डर 5 बजे के बाद हुआ है।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र 40 से 45 साल के बीच की है। मृतक की एक हाथ की चार उंगलियां भी नहीं है। पुलिस के अनुसार यह उंगलियां देखने में ऐसा लगाता है कि पहले से ही कटी हुई हैं।
बुधवार सुबह 7 बजे यहां पर चाय वाले सोने लाल ने सबसे पहले शव को देखा। वह चौक से पानी लेने के लिए आया था। उसने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर एएसपी परविंद्र सिंह, सेक्टर-19 पुलिस थाना प्रभारी पूनम दिलावरी, डाग स्क्वायड की टीम और सीएफसीएल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को शिनाख्त के लिए सेक्टर-16 अस्पताल में रखवा दिया है।
घटनास्थल से एक पत्थर मिला है, जिस पर खून लगा हुआ है। व्यक्ति की जेब से 250 रुपये की नकदी भी मिली है जबकि पुलिस ने आसपास काफी तलाशी ली, लेकिन कुछ नहीं मिला। सेक्टर-19 पुलिस थाना प्रभारी पूनम शर्मा का कहना है कि हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है अभी शव की शिनाख्त नहीं हुई है। शिनाख्त होने के बाद हत्या का मामला सुलझ जाएगा।