सीआईए-वन पानीपत ने वीरवार शाम जीटी रोड टोल प्लाजा पर पंजाब नंबर की गाड़ी से पुरानी करेंसी के पांच सौ व एक हजार के 97.7 लाख रुपये बरामद किए। नोटबंदी के बाद जिला पुलिस की रेंज क्षेत्र में अब तक की सबसे बड़ी राशि पकड़ने का दावा किया जा रहा है। पकड़े गए चारों आरोपी करेंसी को लेकर दिल्ली की तरफ जा रहे थे। इसी बीच पुलिस ने छापामारकर राशि को जब्त कर लिया। मामला आयकर विभाग को सुपुर्द कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार सीआईए-वन पानीपत प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप छिक्कारा को सूचना मिली कि करनाल की तरफ से एक गाड़ी में पुरानी करेंसी के नोट एक्सचेंज करवाने के लिए ले जाए जा रहे हैं। इस पर उन्होंने जीटी रोड टोल पर नाका लगाकर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान करनाल की तरफ से आ रही पंजाब नंबर की गाड़ी को रुकवाया गया। पुलिस ने तलाशी ली तो गाड़ी में रखे एक बैग में पुरानी करेंसी के पांच सौ व एक हजार के नोट मिले।
पुलिस ने गाड़ी और करेंसी को काबू कर लिया। पूछताछ में गाड़ी में सवार चारों लोगों ने अपनी पहचान रविंद्र निवासी करनाल, पवन निवासी अंबाला, बलबीर निवासी यमुनानगर व दिनेश निवासी पंचकूला के रूप में बताई। इन्होंने बताया कि वे इस राशि को पंजाब से लेकर दिल्ली की तरफ जा रहे थे और नई करेंसी से एक्सचेंज करवाने के प्रयास में थे। सूचना पर आयकर इंस्पेक्टर राजेंद्र शर्मा मौके पर पहुंचे और पुराने नोटों को जब्त कर लिया है।