सीमावर्ती कस्बा अटारी में कोका कोला एजेंसी के मालिक के घर में पुलिस वालंटियर बन घुसे डकैतों ने परिवार को बंधक बनाकर सात लाख रुपये और 15 तोले सोने के गहने लूट लिए। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह आठ बजे छह डकैत कोका कोला एजेंसी के मालिक जसविंदर सिंह के घर आए। उन्होंने घर का दरवाजा खटखटाया तो जसविंदर ने दरवाजा खोला।
पुलिस वालंटियर की वर्दी में आए इन डकैतों ने कहा कि उनके घर की जांच की जानी है कि कहीं कोई कोरोना मरीज तो नहीं है। मालिक ने कहा कि सब ठीक है। इतने में छह डकैतों में से चार जबरदस्ती घर में दाखिल हो गए। घर में घुसते ही उन्होंने जसविंदर और उसके परिवार को तेजधार हथियारों के बल पर बंधक बना लिया। इसके बाद वे डकैती कर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही थाना घरिंडा के एसएचओ अमनदीप सिंह ढिल्लों पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जसविंदर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। एसएचओ के अनुसार जसविंदर के पास काम करने वाले कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।