पेड़ से बांधकर युवक की पिटाई
- फोटो : demo photo
जिले के गांव थांदेवाला मे अनुसूचित जाति के मानसिक रूप से कमजोर युवक को पेड़ से बांधकर पीटने व करंट लगाने के मामले में पुलिस ने 21 लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है। इनमें से छह नामजद हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापामारी कर रही है। उधर, पीड़ित युवक ने अपने परिजनों के पास पहुंचते ही कई और अहम खुलासे किए हैं। इसके साथ ही संविधान बचाओ मंच ने भी एसएसपी से मिलकर आरोपियों पर एससीएसटी एक्ट लगाने के साथ ही युवक को हिरासत में रखने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग उठाई है।
पीड़ित युवक जगसीर सिंह का कहना है कि उसे नल से पानी पीते समय जनरल वर्ग के लोगों ने मोटरसाइकिल पर उठा लिया था। वह उसे एक सुनसान जगह ले गए और वहां कीकर के पेड़ से बांध दिया। इस दौरान उन्होंने वहां उसके कानों पर बुरी तरह से पिटाई की। लाठियां भी बरसाई। एक व्यक्ति ने उसे कई बार बिजली का करंट लगाया और चोरी का सामान कबूलने का दबाव भी डाला। उन्होंने उसके पांव तक बांध दिए ताकि वह किसी ओर हिल न पाए।
रात को करीब एक घंटा पिटाई करने के बाद वह उसे सुबह थाने में छोड़ दिया गया। वहां पर तीन दिन तक पुलिस ने भी बिना कोई मामला दर्ज किए उसे हिरासत में रखा और पीटा। थाना प्रभारी दविंदर कुमार ने बताया कि उनकी ओर से गोरा सिंह, पिंदर सिंह, बोहड़ सिंह, रीतू सिंह, पिंदी सिंह, इकबाल सिंह वासी थांदेवाला समेत कुल 21 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।