नेवी में कार्यरत बेटे की मौत के बाद अभिभावकों ने संपदा विभाग में यह शपथपत्र दिया कि उनके बेटे की शादी नहीं हुई है।
यह शपथपत्र देकर उन्होंने बेटे के नाम की प्रॉपर्टी अपने नाम पर करवा ली। इस बात की जानकारी जब बहू सुखमणि को हुई तो उसने सास-ससुर के खिलाफ पुलिस में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने यह मामला अदालत के आदेश पर दर्ज किया है।
मोहाली निवासी सुखमणि ने बताया कि उसके पति गगनदीप की साल 2006 की मौत हो गई थी। उनके नाम पर खुड्डा अलीशेर में चार कनाल जमीन है।
इसकी रजिस्ट्री संपदा विभाग ने की थी, लेकिन उनकी मौत के बाद जयपुर निवासी उनके ससुर गुरप्रकाश सिंह ढिल्लों और सास मंजीत कौर ने फर्जी दस्तावेज के आधार पर खुड्डा अलीशेर का प्लाट अपने नाम पर करवा लिया।
इसके बाद सुखमणि ने कोर्ट की शरण ली। सेक्टर-17 पुलिस थाना प्रभारी दिलशेर चंदेल का कहना है कि आरोपी सास-ससुर के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।