मोहाली के सेक्टर-76 स्थित जिला प्रबंधकीय कांप्लेक्स के बाहर सड़क पर खड़ी एक कार बुधवार सुबह को चोरी हो गई। जिला प्रबंधकीय कांप्लेक्स के बाहर से कार चोरी होने की खबर से हड़कंप मचा गया। आनन-फानन में पुलिस ने कार की तलाश शुरू कर दी। उधर, बेखौफ चोर कार को दोपहर तक सड़कों पर दौड़ाते रहे।
दोपहर बाद चोर जब कार को लेकर शहर से निकलने लगे तो सामने पुलिस का नाका देख घबरा गए और भागने की कोशिश करने लगे, इसी दौरान कार बेकाबू होकर एक पेड़ से टकरा गई। इसके बाद चोर कार को मौके पर ही छोड़कर भाग निकले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो जांच में खुलासा हुआ कि उक्त कार ही चोरी हुई थी।
जानकारी के मुताबिक, मनीमाजरा से अशरफ खान बुधवार सुबह मोहाली स्थित डीसी ऑफिस में किसी काम से पहुंचे थे। उन्होंने अपनी कार कांप्लेक्स के बाहर सड़क पर खड़ी कर दी। करीब आधे घंटे बाद जब लौटे तो कार गायब थी। इधर-उधर ढूंढने के बाद भी जब कार नहीं मिली तो उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। शाम चार बजे उन्हें पता चला कि उनकी कार लखनौर रोड पर एक पुलिस नाके के नजदीक से बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक कार में दो युवक सवार थे, जो कार को गांव लखनौर की ओर ले जा रहे थे। आगे पुलिस का नाका देख दोनों युवक घबरा गए और कार बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। पुलिस ने कार का नंबर देखा तो पता चला कि यह कार तो आज ही चोरी हुई है। पुलिस ने कार को थाने पहुंचा दिया लेकिन कार चोर मौके से भाग निकले। पुलिस अब चोरों की तलाश में जुट गई है।