बीएसएफ और पंजाब पुलिस के ज्वाइंट आपरेशन के दौरान कंटीली तार पार धान के खेत में लगे पेड़ के नीचे हेरोइन के चार पैकेट बरामद हुए। पकड़ी गई हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में दस करोड़ रुपये आंकी गई है। यह घटना वीरवार को बीओपी राजातल (अमृतसर सेक्टर) में घटी।
बीएसएफ के डीआईजी एमएफ फारूकी ने बताया कि खुफिया सूचना मिली थी कि पाकिस्तानी तस्करों ने भारतीय खेतों में हेरोइन के पैकेट छिपाए हुए हैं। बीएसएफ और पंजाब पुलिस के संयुक्त अभियान के चलते वीरवार को बीओपी राजातल के नजदीक कंटीली तार पार धान के खेत में लगे पेड़ तले से हेरोइन के चार पैकेट बरामद किए हैं।
इनका वजन दो किलो है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में दस करोड़ रुपये कीमत है। इस साल अब तक पंजाब से लगती सीमा पर बीएसएफ की टीम ने 2 अरब रुपये से ज्यादा की हेरोईन जब्त की है।
पाक बॉर्डर पर इस साल अब तक 2 अरब से ज्यादा की हेरोइन जब्त
इस साल बीएसएफ की टीम ने भारत-पाक सीमा से अब तक 2 अरब रुपये से ज्यादा की हेरोईन जब्त की है। इससे पहले सितंबर में तस्करों के साथ मुठभेड़ के बाद बीएसएफ ने 14 किलो हेरोइन बरामद की। हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय मार्केट में 70 करोड़ रुपये है।
घटना पंजाब के अमृतसर के खेमकरण सेक्टर में घटी। खेमकरण सेक्टर में तैनात बीएसएफ की 191 बटालियन और पाकिस्तान के तस्करों के बीच शनिवार देर रात फायरिंग हुई। इसके बाद तस्कर फरार हो गए। क्षेत्र की चेकिंग के दौरान पाकिस्तान की तरफ से आई 14 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई। हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय मार्केट में 70 करोड़ रुपये है।
इससे पहले इसी साल मार्च में बीएसएफ ने इंडियन तस्करों को हेरोइन की डिलीवरी देने सरहद पर पहुंचे एक पाकिस्तानी तस्कर को मुठभेड़ में मार गिराया था। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों को एक अरब बीस करोड़ रुपये की हेरोइन और एक पाक तस्कर की लाश बरामद हुई। यह घटना बीओपी माझमियन (सेक्टर अमृतसर) में घटी थी।
बीएसएफ पंजाब के आईजी अनिल पालीवाल ने गुप्त सूचना के बाद बॉर्डर के एरिया में जवानों की गश्त तेज और चौकसी बढ़ा दी थी। बीएसएफ की बटालियन-67 के जवान सरहद पर लगी कंटीली तार के साथ-साथ गश्त कर रहे थे।
वहां से कंटीली तार में फंसी एक प्लास्टिक की पाइप, 24 हेरोइन के पैकेट हेराइन बरामद हुई। इस हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत एक अरब बीस करोड़ रुपये है। इसके अलावा वहां से एक पाक तस्कर की लाश बरामद हुई।