धनास स्थित मच्छी मार्केट के पास शुक्रवार देर रात को लुटेरों ने एक युवक पर चाकुओं से चार वार किए और पर्स लूटकर फरार हो गए। बुरी तरह घायल युवक ने इलाज के दौरान शनिवार सुबह पीजीआई में दम तोड़ दिया।
वहीं वारदात के चौबीस घंटे बाद भी पुलिस हत्यारों को सुराग लगाने में नाकाम रही है। पुलिस के अनुसार लुटेरे युवक को चाकू मारकर और उससे पर्स लूटकर फरार हो गए। इसके बाद वहां से गुजर रहे लोगों की नजर लहूलुहान हालत में पड़े युवक पर पड़ी व सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पीसीआर और धनास चौकी के पुलिसकर्मियों ने घायल को सेक्टर-16 स्थित जीएमएसएच पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया। वहीं शनिवार सुबह इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान सारंगपुर रोड पर स्थित रेत बजरी की एक दुकान के पास रहने वाले राम बिलास (23) के रूप में हुई है।
मृतक मूल रूप से बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है। वहीं पुलिस ने परिजनों को सूचित कर उसका शव हॉस्पिटल की मॉर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस हत्या का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।