बेटी ने बदला लेते हुए अपनी मां की हत्या करने के आरोपी पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात हरियाणा के पानीपत के महराना गांव में घटी। युवती के पिता ने तीन साल पहले साईं कॉलोनी में अपनी पत्नी की हत्या की थी। अब वह पैरोल पर आया हुआ था। पिता की हत्या में बेटी का दामाद ने भी साथ दिया।
विज्ञापन
पिता की महराना गांव पिटाई के कई दिन बाद सोमवार रात साईं कॉलोनी में मौत हुई। थाना चांदनी बाग पुलिस ने शव को बरामद कर लिया है। पैरोल पर आए कैदी की मौत की सूचना पर जेल प्रशासन भी सतर्क हो गया। सिविल अस्पताल से शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया है। आरोपी बेटी और दामाद वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हैं। वहीं मॉडल टाउन और चांदनी बाग थाना पुलिस कार्रवाई को लेकर सीमा विवाद में उलझ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार अपनी पत्नी अनीता की हत्या के जुर्म में करनाल जेल में उम्र कैद की सजा काट रहे सांई कॉलोनी निवासी राजेश कुमार (49) की उसकी छोटी बेटी शिवानी ने अपने पति आशु निवासी गांव महराना के साथ मिलकर लाठी डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। राजेश कुमार गत दिनों जेल से 20 दिन की पैरोल पर आया था। मृतक राजेश कुमार की बड़ी बेटी प्रियंका ने बताया कि उसके पिता राजेश तीन साल से मां अनीता की हत्या के जुर्म में करनाल जेल में बंद था और वह उम्र कैद की सजा काट रहा था। 20 मई को पिता राजेश 20 दिन के लिए पैरोल पर आया था।
विज्ञापन
पैरोल पर आने के बाद उसकी छोटी बहन शिवानी ने पिता राजेश को अपनी ससुराल गांव मेहराना में बुलाया। शिवानी ने पिता को कहा कि उसने उसको माफ कर दिया और पिता को एक बार देखना चाहती है। शिवानी ने पिता को घर बुलाकर कमरे में बंद कर अपने पति आशू के साथ मिलकर लाठी-डंडों के साथ बेरहमी से पीटा। राजेश को गंभीर अवस्था में पहले सिविल अस्पताल लाया गया, जहां से उसको खानपुर रेफर कर दिया गया।
बाद में राजेश की बिगड़ती हालत के चलते उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। 22 मई को राजेश को रोहतक पीजीआई से छुट्टी मिल गई। 25 मई को उसकी बहन शिवानी ने पिता राजेश पर फिर हमला कर दिया। हमले में पिता राजेश को गंभीर चोट आई। उनको खानपुर पीजीआई भर्ती करवाया गया। 27 मई को पिता राजेश को वह घर ले आए। सोमवार देर रात गंभीर चोटों के कारण राजेश की मौत हो गई। पुलिस ने राजेश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम लिए सिविल अस्पताल में भिजवाया, जहां से शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया है।
शिवानी मां की हत्या का बदलना लेने की बात कहती थी
हत्या की जांच
- फोटो : demo pics
मेरी मां की आत्मा को शांति नहीं मिली
मां अनीता की हत्या के बाद से ही शिवानी पिता राजेश के प्रति काफी आक्रोशित थी। शिवानी पिता से बहुत नफरत करने लगी थी। शिवानी पिता राजेश के पैरोल पर आने के बाद मां की हत्या का बदलना लेने की बात कहती थी। शिवानी कहती थी कि उसकी मां की आत्मा को शांति तब मिलेगी जब उसके हत्यारे को मार दूंगी।
फूफा तुम्हें छोड़ रहे हैं ताकि मेरे पक्ष में बयान दो
शिवानी के फूफा प्रमोद ने बताया कि राजेश के पैरोल पर आने के बाद वह राजेश से मिलने के लिए साईं कॉलोनी में आया था। राजेश ने बेटी शिवानी से मिलने के लिए उसको भी अपने साथ लिया था। वह दोनों शिवानी से मिलने के लिए गांव महराना गए थे। शिवानी ने अपने पति आशू के साथ मिलकर राजेश को कमरे में घसीट लिया और उसे बाहर खड़ा रहने की धमकी दी। दोनों ने राजेश पर लाठी डंडों से ताबड़तोड़ वार किए। दोनों राजेश को खून से लथपथ कर बोले की इसको यहां ले जाओ, यह घर तक पहुंचते-पहुंचते मर जाएगा। उन्होंने उसको भी धमकी देते हुए कहा कि फूफा तुम्हें इसलिए छोड़ रहे हैं कि हमारे हक में बयान दो।
बच कैसे गया, नहीं छोडूंगी
आरोपी शिवानी की बड़ी बहन प्रियंका ने बताया कि 21 मई को उसके पिता राजेश को उसकी बहन शिवानी ने अपने पति आशू के साथ मिलकर बेरहमी से पीट दिया था। पिता राजेश को खानपुर भर्ती करवाया गया था, जहां से उन्हें 22 मई को छुट्टी मिल गई थी। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पिता राजेश चारपाई पर लेटा रहता था। पिता राजेश के बचने की भनक लगते ही शिवानी साईं कॉलोनी में पहुंच गई और पिता को देख बोली कि बच कैसे गया तू। इसके बाद शिवानी ने पिता पर दोबारा डंडे से हमला कर दिया। इस हमले के बाद पिता राजेश की सोमवार रात को मौत हो गई।
राजेश ने तीन साल पहले मारा था पत्नी को
मृतक राजेश की बड़ी बेटी प्रियंका ने बताया ने कि उसका पिता राज मिस्त्री था। तीन मई 2013 की रात पिता राजेश शराब पीकर घर आया था। घर आने के बाद मेरे पिता का मेरी मां अनीता के साथ झगड़ा हो गया था। पिता ने शराब के नशे मेरी मां अनीता पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल मां अनीता को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां से उनको रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया था। मां अनीता ने इलाज के दौरान 16 जून को अस्पताल में दम तोड़ दिया था। पुलिस ने राजेश को गिरफ्तार कर लिया था।
दोनों बेटियों ने किया था प्रेम विवाह
प्रियंका ने बताया कि पिता रमेश, मां अनीता की मौत के जुर्म में जेल चले गए थे। उनको किसी का सहारा नहीं था। वे चार बहनें हैं। वह सबसे बड़ी और शिवानी उससे छोटी है। खुशी और वंशिका उससे छोटी हैं। उनका कोई भाई नहीं है। माता-पिता के चले जाने के बाद उनको काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उसने व उसकी छोटी बहन शिवानी ने प्रेम विवाह कर लिया। उसने कैराना के अमित मलिक व शिवानी ने महराना के आशु से शादी कर ली। शादी के बाद से उसकी दोनों छोटी बहनें उसके पास रहती हैं।
जयबीर सिंह, इंचार्ज आठ मरला पुलिस चौकी ने बताया किआठ मरला चौकी में पहले से ही बेटी शिवानी व उसके पति आशु के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज है। सजायाफ्ता कैदी की मौत थाना चांदनी बाग क्षेत्र स्थित साईं कॉलोनी में हुई है। इस मामले में कार्रवाई चांदनी बाग पुलिस करेगी।
अनिरुद्ध चौहान, प्रभारी चांदनी बाग थाना ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहतक पीजीआई भेज दिया है। मारपीट आठ मरला पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में हुई थी। मामले में कार्रवाई आठ मरला पुलिस करेगी।