हरियाणा के जींद के गांव बड़ौदा के जिस घर में दुल्हन आने की खुशियां मनाई जा रही थी वहीं दो दिन बाद मातम छा गया। दरअसल जिस युवक की शादी हुई थी उसकी लाश मंगलवार देर रात जींद रेलवे स्टेशन के निकट रेल लाइन पर पड़ी मिली।
युवक के शव मिलने की सूचना पर घर और उसके ससुराल में कोहराम मच गया। युवक की शादी 12 जुलाई को कैथल जिले के गांव मांडवी में हुई थी। मृतक युवक के परिजनों ने गांव के कुछ युवकों पर हत्या कर शव रेलवे लाइन पर फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतक युवक के परिजनों की शिकायत पर 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
गांव बड़ौदा निवासी युवक सोमबीर की 12 जुलाई को कैथल जिले के गांव मांडवी में शादी हुई थी। परिजनों का कहना है कि सोमबीर की बारात में गांव का ही युवक अमरदीप अपने लगभग एक दर्जन साथियों के साथ गया था। जब बारात मांडवी गांव पहुंची तो अमरदीप ने अपने साथियों के साथ शराब पी और वहां पर झगड़ा करना शुरू कर दिया। अमरदीप शादी को बीच में ही छोड़कर वापस आ गया था।
जब सोमबीर अपनी दुल्हन को लेकर घर पहुंचा तो रास्ते में ही अमरदीप अपने साथियों के साथ गाड़ी को रुकवा लिया और परिजनों को देख लेने की धमकी दी। अमरदीप ने कहा कि वह पुलिस में कार्यरत है और उसको देख लेगा। परिजनों के विरोध के बाद अमरदीप वहां से चला गया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि मंगलवार सुबह गांव के ही कुछ युवक सोमबीर को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। लेकिन उसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। मंगलवार देर रात को रेलवे पुलिस की सूचना मिली कि सोमबीर जींद रेलवे स्टेशन के निकट रेलवे लाइन पर पड़ा हुआ है।
मृतक के ताऊ नफे सिंह ने आरोप लगाया कि उसके भतीजे की गांव के अमरदीप तथा उसके साथियों ने योजनाबंद तरीके से हत्या करके शव को रेलवे लाइन पर फेंका है। रेलवे पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर गांव बड़ौदा निवासी पुलिस कर्मी अमरदीप, दीपक, नन्हू, सील, सेठी, राणा, अभय, अमित, रमेश सहित 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मृतक युवक की मां कमलेश ने बताया कि अमरदीप ने शादी वाले दिन भी जिस गाड़ी में दुल्हा सोमबीर और उसकी पत्नी बैटी हुई थी उसे रुकवा लिया था। जहां पर उसने जमकर हंगामा किया था। इस दौरान उसने अपने साथियों के साथ मिलकर धमकी भी दी थी। मंगलवार को कुछ युवक उसे घर से बुलाकर ले गए थे। उसके बाद वह रेलवे लाइन पर मृत मिला।
मामले के जांच अधिकारी एएसआई राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि रेलवे पुलिस को सूचना मिली थी कि शव रेलवे लाइन पर पड़ा हुआ है। बाद में इसकी पहचान गांव बड़ौदा निवासी सोमबीर के रूप में हुई। परिवार के सदस्यों ने हत्या करके शव को फेंकने का आरोप लगाया है। इस आधार पर 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उसकी जांच जारी है।