थाना बख्शीवाला के अधीन पड़ते गांव किशनगढ़ के रहने वाले पूर्व सरपंच का कातिल उसका बेटा ही निकला। बेटे ने ही अपने पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर से गोलियां मार कर हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। दरअसल बेटा अपने पिता के शराब पीने और मांस खाने की आदत से तंग था। पुलिस ने आरोपी बेटे को काबू कर लिया है।
एसएसपी गुरमीत सिंह चौहान ने मंगलवार को पुलिस लाइन में बाद दोपहर आयोजित एक पत्रकार वार्ता में बताया कि 29 जनवरी को गांव किशनगढ़ में पूर्व सरपंच नाहर सिंह (56) की लाश उसके कमरे से खून से लथपथ मिली थी। छाती में दो और सिर में दाईं तरफ दो गोलियां लगी थीं।
पास ही नाहर सिंह की लाइसेंसी रिवाल्वर पड़ी थी। कमरे के दरवाजे को भी अंदर से कुंडी लगी थी। पूर्व सरपंच के लड़के चमकौर सिंह ने बयान दिया था कि उसका पिता मानसिक तौर पर परेशान था, इसलिए अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से आत्महत्या कर ली है।