नाबालिग बहनों पर भाई दोस्तों के साथ मिलकर गंदी नजर रखता था। वह उनसे शारीरिक संबंध बनाना चाहता था। इंकार किया तो मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी। मामला पंजाब के तरनतारन का है। दलित परिवार की नाबालिग बहनों से भाई ने दोस्तों संग मिलकर खूब मारपीट की और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िताएं अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस को दी शिकायत में पीड़िताओं की मां जसबीर कौर ने बताया कि उनके रिश्ते का भाई काफी समय से दोनों पर बुरी नजर रखे हुए था। वीरवार को वह दोस्तों के साथ आया और बहनों पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने लगा। इंकार किए जाने पर उसने दोनों बहनों को बालों से पकड़कर जमीन पर घसीटा और बुरी तरह मारा। जाते हुए उसने धमकी दी कि किसी को इस बारे में न बताए, उनकी सियासी पहुंच बहुत बड़ी है।
मां ने बताया कि आरोपी को गांव के ही कुछ लड़के सहयोग कर रहे हैं। अब उनकी जान को खतरा है। जसबीर कौर ने थाना चोहला साहिब में पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी मनमोहन कुमार शर्मा का कहना है कि थाना प्रभारी को कानूनी कार्रवाई के लिए सख्त आदेश दिए गए हैं।