शादी को केवल एक महीने ही बीता था कि नवविवाहिता घर की ज्वैलरी लेकर दो युवकों संग फरार हो गई। घटना, हरियाणा के समालखा कस्बे की है। घटना के समय परिवार के लोग सोए हुए थे।
सुबह पता चलने पर महिला के ससुराल वालों ने घटना की सूचना उसके मायके वालों को दी। नवविवाहिता के पिता का आरोप है कि गांव के एक युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
महिला के पिता डाडोला वासी का कहना है कि उसने गत जुलाई माह में अपनी 20 वर्षीय बेटी निर्मला (काल्पनिक नाम) की शादी चुलकाना निवासी के साथ की थी। शादी के बाद उसकी बेटी ससुराल चुलकाना में रह रही थी। 30 अगस्त की रात वह अचानक लापता हो गई।
पिता ने गांव के ही दो युवकों पर लगाए आरोप
marriage
ससुराल वालों ने मायके सहित अन्य जगहों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई अता-पता नहीं चल सका। पिता का आरोप है की उसकी बेटी को गांव के ही दिनेश व करनाल जिले के गांव खोरा खेड़ी वासी उसके साथी अनिल शादी करने की नीयत से भगाकर ले गए हैं।
उसका कहना है कि जाते समय अपने साथ कपड़ों का बैग, दो सोने की अंगूठी, सोने के कानों की बाली, एक रानी हार, एक मंगलसूत्र, चांदी के पंचकला और पाजेब, सिम सहित चार मोबाइल फोन लेकर चंपत हो गई।
जांच कर्मी एएसआई योगेंद्र कुमार ने बताया कि नवविवाहिता के पिता की शिकायत पर दिनेश चुलकाना व उसके साथी अनिल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। युवकों की तलाश की जा रही है। अभी तक उनका कोई सुराग नहीं लगा है।