चेन स्नैचर्स से भिड़ी बठिंडा की बुजुर्ग महिला
- फोटो : अमर उजाला
युवतियों और महिलाओं को दिलेर दादी से सबक लेना चाहिए जो बाइक सवार स्नेचर्स से डरने की बजाए बीच सड़क उनसे भिड़ गईं। आखिर लटेरों को भागने पर मजबूर कर दिया। मामला, पंजाब के बठिंडा जिले का है।
गांव पक्का कलां में 62 वर्षीय महिला सुरजीत कौर पत्नी हाकम सिंह ने बताया, वह खेत से वापस अपने घर आ रही थी। रास्ते में सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के नजदीक मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उसे पूछा- माता सरकारी स्कूल ऐही है, इस पर सुरजीत ने जवाब दिया हां पुत्त ऐही है।
जब सुरजीत कौर थोड़ा आगे चली तो पीछे से एक युवक ने उसकी बालियों पर हाथ डाल दिया। मामला समझते ही सुरजीत कौर ने दिलेरी से युवक के दोनों हाथ पकड़ लिए और मुकाबला किया। झपटमार युवक बुजुर्ग के सामने टिक नहीं सके तो धक्का देकर भाग खड़े हुए।
सुरजीत कौर ने बताया, बालियां 40 हजार रुपए की हैं, जो उसके पास सुरक्षित हैं। सुरजीत कौर के अनुसार घटना की सूचना उसने पुलिस कंट्रोल रूम 100 नंबर पर फोन कर दे दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।