पैसों का लालच देखिए, दो युवक अपने ही एक दोस्त के कातिल बन गए। उन्होंने युवक को तेजधार हथियारों से उसे काट डाला। घटना पंजाब के लुधियाना की है। रायकोट के नजदीकी गांव ताजपुर में एक युवक का उसके के दो दोस्तों ने कत्ल कर डाला। थाना सदर रायकोट की पुलिस ने दोनों आरोपियों कुलविंदर सिंह और मनु को काबू करके जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 28 वर्षीय भूपिंदर सिंह के तौर पर की गई है। मृतक के पिता हरीपाल सिंह ने पुलिस को जानकारी दी कि उसके बेटे भूपिंदर सिंह की पड़ोस में रहने वाले कुलविंदर सिंह पुत्र कुलवंत सिंह और कुलविंदर सिंह उर्फ मनु पुत्र जगजीत सिंह के साथ लंबे वक्त से दोस्ती थी, पर कुछ दिन पहले इनमें पैसे के लेन देन को लेकर अनबन हो गई।
रविवार शाम दोनों युवक उनके बेटे को मोटरसाइकिल पर बिठा कर ले गए। वह काफी देर तक वापस नहीं आया तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। पिता अपने साल गुरमेल सिंह के साथ जब तीनों को तलाश रहे थे तो पता चला कि लोहटबदी ड्रेन की ओर गए हैं। इसलिए वह उसी तरफ चले गए। रात के वक्त उनको नजदीक शोर सुनाई दिया। दोनों युवक भूपिंदर पर तेजधार हथियारों से हमला कर रहे थे।
उन्होंने शोर मचाया तो दोनों युवक भूपिंदर को तड़पता छोड़ फरार हो गए। भूपिंदर के सिर, गर्दन एवं पेट में किरच के निशान थे और वह दम तोड़ चुका था। इस पर घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। थाना सदर प्रभारी जसवीर सिंह ने कहा कि दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके उनको काबू कर लिया गया है।