सिरफिरा आशिक युवती के घर में घुस गया और उसके पूरे परिवार को धमकाया डराया। उसने युवती के चेहरे पर तेजाब फेंकने की धमकी भी दी। मामला पंजाब के मोहाली का है। पहले एक युवक ने धोखे में रखकर एक लड़की के साथ दोस्ती की और फिर उसे शादी करने का प्रस्ताव तक दे डाला।
लेकिन जब लड़की को युवक की पहली शादी की सच्चाई का पता लगा तो उसने युवक से दोस्ती तोड़ ली। इसके साथ ही लड़की ने युवक का फोन तक उठाना बंद कर दिया। इसके बाद बौखलाया युवक अपने साथियों को साथ लेकर लड़की के घर पहुंच गया। लड़की का आरोप है कि युवक ने पिस्तौल दिखाकर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां दी। इतना ही नहीं उसने उस पर तेजाब फैंकने की धमकी भी दे डाली और यह भी कहा कि उसकी आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड कर देगा।
लड़की की शिकायत पर मटौर थाना पुलिस ने चंडीगढ़ के सेक्टर-39 निवासी अक्षय कुमार उर्फ कुकू और निमी शर्मा के अलावा तीन अन्य लोगों के खिलाफ लड़की पर तेजाब फैंकने की धमकियां देने, हाथपाई करने समेत कई अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जल्दी ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।