पंजाब के फिरोजपुर जिले के गांव बंदी वाला में जामुन के झगड़े में लाठियों से बुरी तरह पीटकर एक 12 साल के बच्चे के दोनों हाथ तोड़ने का मामला सामने आया है। जख्मी हालत में बच्चे को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया है। इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई है।
जलालाबाद के सरकारी अस्पताल में उपचाराधीन लवप्रीत सिंह ने बताया कि वह दो बच्चों के साथ जामुन खाने गांव बंदी वाला गया था। जहां पर एक और बच्चे ने उनसे जामुन मांगे। जब उसने जामुन देने से इन्कार किया तो आरोपी ने उसके साथ झगड़ा करना शुरू कर दिया और गुस्से में आकर लाठी से बुरी तरह पीटा। इस वारदात में उसकी एक बाजू टूट गई। वह बहुत मुश्किल के साथ खड़ा हुआ लेकिन आरोपी ने उसे खाले में धक्का दे दिया। पीड़ित के साथियों ने बड़ी मुश्किल से लवप्रीत को खाले से बाहर निकाला।
जब वह अपनी मां जसपाल कौर के साथ उक्त बच्चे के घर शिकायत करने गया तो वहां पर आरोपी की बहन ज्योति और मां प्रीतो ने उनके साथ झगड़ा करना शुरू कर दिया। इस दौरान लवप्रीत की दूसरी बाजू भी तोड़ दी। पीड़ित परिवार ने इस संबंध में थाना वैरोके में लिखित शिकायत दर्ज करवा दी गई है।