चरखी दादरी के बालरोड के समीप स्थित एक शराब ठेका में लूट के बाद आग लगाने का मामला सामने आया है। स्विफ्ट सवार हथियारबंद तीन बदमाशों ने बुधवार को वारदात की। शराब की बोतलों में आग लगाने के लिए उन्होंने पेट्रोल का प्रयोग किया और इससे पहले सेल्समैन से करीब 30 हजार रुपये की नकदी लूट ली। वहीं, जाने से पहले एक बदमाश ने कहा कि ठेकेदार को बोल देना, शराब ठेका में आग लगाने बाबा गुर्जर आया था। वहीं, झोझूकलां थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार
जानकारी के अनुसार बालरोड के समीप रावलधी निवासी ठेकेदार का शराब ठेका है। यहां डाढी बाना निवासी कुलदीप बतौर सेल्समैन काम करता है। बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे कुलदीप ठेका पर माैजूद था। उसी दौरान स्विफ्ट में सवार होकर आए तीन बदमाश वहां पहुंच गए। हाथ में पिस्टल लिए हुए तीनों बदमाश ठेका के अंदर दाखिल हो गए और सेल्समैन कुलदीप को अपनी जगह से न हिलने की की बात कही।
पेट्रोल छिड़कर लगाई आग
कुलदीप के अनुसार बदमाशों ने उसे कहा कि अगर खड़ा होगा तो जान से हाथ धो बैठेगा। उनकी धमकी के चलते कुलदीप वहीं बैठा रहा। इसके बाद आरोपियों ने वहां से नकदी लूटी और पुलिस को दी शिकायत के अनुसार बदमाश वहां से करीब 30 हजार रुपये लूट ले गए। नकदी लूटने के बाद आरोपियों ने पेट्रोल छिड़क दिया और इसके बाद आग लगा दी। जाने से पहले एक बदमाश ने कहा कि दादा गुर्जर शराब ठेका फूंकने आया था, यह बात अपने ठेकेदार को बता देना।
झोझूकलां थाना पुलिस और सीआईए पहुंची मौके पर
दूसरी ओर वारदात की जानकारी मिलते ही झोझूकलां थाना पुलिस और सीआईए टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने बारिकी से घटनास्थल का जायजा लिया। वहीं, पुलिस ने दादा गुर्जर का पता लगाने के लिए प्रयास शुरू कर दिए है। सूत्रों के अनुसार इस नाम का बदमाश महेंद्रगढ़ जिले में सक्रिय है।