पोल्ट्री फार्म मालिक को दुराचार के नाम पर ब्लैकमेल कर रहा था पानीपत का एक दंपति। दंपति रुकसाना और उसके पति फिजू निवासी बंती खेड़ा शामली, उत्तरप्रदेश पोल्ट्री फार्म मालिक से समझौते के नाम पर तीन लाख रुपये मांग रहे थे।
पुलिस ने आरोपी दंपति को 20 हजार रुपये के साथ दबोच कर दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अदालत ने दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामला हरियाणा के पानीपत इलाके का है।
दुराचार के आरोप लगा मांगे 3 लाख
गौसली शाह हुडा निवासी मोहम्मद इनाम ने सेक्टर-11/12 चौकी प्रभारी किरण को शिकायत दी। उसने बताया कि वह मूलरूप से कैराना का रहने वाला है और डाडोला गांव में पोल्ट्री फार्म बनाया है।
उसे यहां पर काम करने के लिए कुछ लोगों की जरूरत थी, इसलिए अपने जानने वालों को इस बारे में अवगत कराया। 20-25 दिन पहले बंता खेड़ा निवासी फिजू और उसकी पत्नी रुकसाना उसके पास आए और हर माह 10 हजार रुपये के हिसाब से काम करना तय हुआ।
इसके कुछ दिन बाद रुकसाना ने उस पर दुराचार करने का आरोप लगा दिया और समझौता करने की एवज में तीन लाख रुपये की मांग की। उनके बीच यह रकम एंजल मॉल सेक्टर 11/12 की एल-मार्केट में देना तय हुआ।
उसने पुलिस को बताया कि उसके पास केवल 20 हजार रुपये हैं। चौकी प्रभारी किरण ने एएसआई सुरेश कुमार के नेतृत्व में टीम बनाई और रुकसाना व फिजू को रंगे हाथों काबू कर लिया।
भट्ठे के मालिक का चुकाना था कर्ज
जांच अधिकारी एएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में रुकसाना और फिजू ने खुलासा किया है कि भट्ठा मालिक का तीन लाख रुपये का कर्ज चुकाने के लिए यह सब ड्रामा रचा। वे पहले एक भट्ठे पर काम करते थे। उन्होंने भट्ठा मालिक से तीन लाख रुपये लिए थे और उनके पास कर्ज चुकाने के लिए पैसे नहीं थे। उन्होंने पोल्ट्री मालिक को निशाना बनाया और दुराचार के आरोप लगाकर समझौते की एवज में तीन लाख रुपये की मांग की।
पोल्ट्री फार्म मालिक ने शिकायत देकर दंपति पर दुराचार के नाम पर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया था। दंपति पोल्ट्री फार्म मालिक से समझौते के नाम पर तीन लाख रुपये मांग रहे थे। पुलिस ने आरोपी दंपति को 20 हजार रुपये के साथ दबोच कर दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
-किरण, प्रभारी, चौकी सेक्टर 11/12 पानीपत